Bharat Express DD Free Dish

पटना में BPSC अभ्यर्थियों और छात्रों पर ताबड़तोड़ लाठीचार्ज! वाटर कैनन चला, छात्र नेता खुशबू पाठक समेत कई हिरासत में

BPSC Candidates Protest Patna: बिहार की राजधानी पटना में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने ताबड़तोड़ लाठीचार्ज किये. छात्र सीएम सम्राट चौधरी से इस संबंध में मुलाकात की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने छात्रों पर जमकर लाठीचार्ज किया. कई छात्रों को हिरासत में लिया गया है.

BPSC candidates protest in Patna

पटना में BPSC अभ्यर्थियों और छात्रों पर ताबड़तोड़ लाठीचार्ज

BPSC Candidates Protest Patna: बिहार की राजधानी पटना में अपनी मांगों को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं. छात्र सीएम सम्राट चौधरी से इस संबंध में मुलाकात की मांग कर रहे हैं. जब छात्रों का यह मार्च जेपी गोलंबर से सीएम आवास की तरफ बढ़ने की कोशिश की तब पुलिस ने आगे बैरिकेडिंग कर दी. यह देख छात्र आक्रोशित हो गए और बैरिकेडिंग तोड़ दिया. इस दौरान पुलिस ने छात्रों के इस मार्च को रोकने की भरपूर कोशिश की. पर छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं है. इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच जमकर झड़प हुई. पुलिस ने छात्रों पर ताबड़तोड़ लाठियां बरसाकर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर दिया.

मिल रही जानकारी के अनुसार पुलिस ने छात्रों पर जमकर लाठीचार्ज किया. कई छात्रों को हिरासत में लिया गया है. बताया जा रहा है कि पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया. इस दौरान पटना के डीएम, एसएसपी और सिटी एसपी भी मौजूद रहे. जानकारी के अनुसार इस प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता खुशबू पाठक समेत कई छात्र हिरासत में लिए गए हैं.

लाठीचार्ज होने पर मॉल में घुसे छात्र

जब प्रदर्शनकारी छात्र इनकम टैक्स चौराहे पर पहुंचे तो इन्हें रोकने के लिए खुद पटना के एसएसपी सड़क पर उतर गए. उनके आते ही पुलिसकर्मियों में जबरदस्त जोश देखने को मिला. पुलिस ने इनकम टैक्स चौराहे से छात्रों को खदेड़कर उन्हें भगा दिया. इस दौरान कई छात्र पुलिस से बचने के लिए आसपास के मॉल में घुस गए. इस दौरान कई प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राएं पुलिसकर्मियों से उलझते दिखे.

छात्रों की ये है मांगें

छात्रों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर सीधे सीएम से मुलाकात करना चाहते हैं. छात्रों की मुख्य मांग ये है-

  • BPSC की जिन परीक्षाओं में गड़बड़ी के आरोप लगे हैं, उन परीक्षाओं को रद्द कर दोबारा कराया जाए.
  • बिहार दरोगा भर्ती परीक्षा रद्द कराई जाए.
  • TRE-4 में एक ही परीक्षा हो. पीटी और मेन्स की अलग-अलग परीक्षा ना हो.
  • BSSC परीक्षाओं का जल्द नोटिफिकेशन जारी किया जाए. इसके अलावा परीक्षा कैलेंडर भी जारी किया जाए.
  • लंबित परीक्षाओं को जल्द कराया जाए. कई परीक्षाओं के फॉर्म भरवाए जा चुके हैं लेकिन अभी तक परीक्षा की तारीख नहीं आई.
  • छात्रों की मांग है कि सरकार सभी भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाए. सरकार इसकी सख्ती से पालन करे.

ये भी पढ़ें- ‘सुखबीर बादल के रहते गठबंधन मुमकिन नहीं!’ भाजपा नेता अमनजोत कौर का बड़ा बयान, अकाली दल पर साधा निशाना

छात्रों के आंदोलन को देखते हुए पटना में सुरक्षा व्यवस्था बेहद चौकस कर दी गई है. लगभग 1200 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. छात्रों को रोकने के लिए पुलिस के अलावा रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और सीआरपीएफ के जवान भी मौजूद हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read