Bharat Express DD Free Dish

BPSSC दारोगा भर्ती: मुख्य परीक्षा का रिजल्ट जारी, 10,759 अभ्यर्थी PET के लिए क्वालिफाई

Bihar Daroga Recruitment: आयोग ने भर्ती नियमों के अनुसार रिक्त पदों की संख्या के छह गुना अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चयनित किया है. इसी आधार पर 10,759 उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने का मौका मिला है.

Bihar Daroga Recruitment

Bihar Daroga Recruitment

Bihar Daroga Recruitment: बिहार में दारोगा बनने का सपना देख रहे हजारों युवाओं के लिए बड़ी खबर है. बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने दारोगा (सब-इंस्पेक्टर) भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है. परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://bpssc.bihar.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं.

आयोग की ओर से जारी परिणाम के अनुसार मुख्य परीक्षा में सफल हुए कुल 10,759 अभ्यर्थियों का चयन भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण यानी शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए किया गया है. अब इन उम्मीदवारों को शारीरिक परीक्षा में अपनी क्षमता साबित करनी होगी.

गौरतलब है कि दारोगा भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा का आयोजन 27 मई 2026 को किया गया था. इस भर्ती अभियान के माध्यम से बिहार पुलिस में दारोगा के कुल 1,799 रिक्त पदों को भरा जाना है. इन पदों के लिए 34 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने मुख्य परीक्षा में हिस्सा लिया था. परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद अब सफल उम्मीदवार PET की तैयारी में जुट गए हैं.

रिक्त पदों की संख्या के 6 गुना चयनित

आयोग ने भर्ती नियमों के अनुसार रिक्त पदों की संख्या के छह गुना अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चयनित किया है. इसी आधार पर 10,759 उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने का मौका मिला है.

कट-ऑफ की बात करें तो सामान्य वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए कट-ऑफ 134 अंक निर्धारित किया गया है. वहीं सामान्य वर्ग की महिला अभ्यर्थियों के लिए कट-ऑफ 116.20 अंक रहा है. भर्ती में महिलाओं के लिए 614 पद आरक्षित किए गए हैं, जबकि अनारक्षित वर्ग के लिए सबसे अधिक 850 पद निर्धारित हैं.

PET में साबित करनी होगी योग्यता

मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए अब अगली चुनौती शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी. PET में उम्मीदवारों को दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद और अन्य निर्धारित शारीरिक मानकों को पूरा करना होगा. इस चरण में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को ही आगे की चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा.

ये भी पढ़ें- टोंक में नियमों की सख्ती जिंदगी पर पड़ी भारी, बीमार पिता को ले जा रहे युवक को ट्रैफिक पुलिस ने 1 घंटे रोके रखा, आईसीयू में तोड़ दिया दम

फिलहाल आयोग ने PET की तारीखों की घोषणा नहीं की है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इसकी आधिकारिक सूचना जारी कर दी जाएगी. ऐसे में सफल उम्मीदवारों को सलाह दी जा रही है कि वे शारीरिक परीक्षा की तैयारी अभी से शुरू कर दें और आयोग की वेबसाइट पर जारी होने वाले अपडेट पर नजर बनाए रखें.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read