संसद की सुरक्षा में चूक.
संसद (Parliament) भवन में एक बार फिर से सुरक्षा चूक का मामला सामने आया है. शुक्रवार की सुबह एक शख्स दीवार फांदकर गरुण द्वार तक पहुंच गया. ये घटना सुबह 6 बजकर 30 के आसपास हुई. सुरक्षा कर्मियों ने युवक को पकड़ लिया और उससे पूछताछ कर रहे हैं.
Parliament की सुरक्षा में सेंध
यह घटना संसद (Parliament) के मानसून सत्र के समाप्त होने के एक दिन बाद हुई है. बताया जा रहा है कि एक शख्स पेड़ के सहारे दीवार पर चढ़ा और फिर संसद भवन परिसर के अंदर कूद गया. रेल भवन की तरफ से इस व्यक्ति ने दीवार फांदी. इसके बाद वह नई संसद भवन के गरुड़ द्वार तक पहुंच गया. वह सुबह करीब 6.30 बजे संसद भवन में घुसा. उस शख्स को वहां घुमते हुए देखकर संसद भवन में मौजूद सिक्योरिटी ने उसे पकड़ लिया.
सुरक्षा में सेंध की एक ऐसी ही घटना पिछले साल भी हुई थी, जब 20 साल की उम्र का एक व्यक्ति संसद भवन एनेक्सी में घुस गया था. इस घटना का एक कथित वीडियो भी सामने आया था, जिसमें संदिग्ध व्यक्ति, जो शॉर्ट्स और टी-शर्ट पहने हुए था, सशस्त्र सीआईएसएफ कर्मियों द्वारा पकड़े हुए दिखाई दे रहा था. तलाशी के दौरान उस व्यक्ति के पास से कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली.
यह भी पढ़ें- “जातिवाद, परिवारवाद और तुष्टिकरण देश के लिए नासूर जैसा”, अमित शाह ने राहुल गांधी पर बोला करारा हमला
लोकसभा में घुसे थे दो युवक
2023 में भी संसद (Parliament) हमले के बरसी के दिन भारी सुरक्षा चूक की घटना हुई. सागर शर्मा और मनोरंजन डी, दो युवक संसद में जारी कार्यवाही के बीच लोकसभा कक्ष में घुस गए थे. इन लोगों ने संसद में दर्शक दीर्घा से कूदने के बाद लोकसभा कक्ष के अंदर पीले रंग का धुआं छोड़ा था. हालांकि, सदन में मौजूद सांसदों ने दोनों को दबोच लिया. उसी समय, संसद के बाहर नीलम आजाद और अमोल शिंदे ने भी पीले रंग का धुआं छोड़ा था.
इस मामले में कुल 6 लोगों की गिरफ्तारी हुई. अन्य दो आरोपियों में महेश कुमावत और ललित झा शामिल थे. ललित झा को पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड माना जाता है. दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा चूक मामले में पटियाला हाउस कोर्ट में 900 पन्नों से अधिक की चार्जशीट दायर की थी.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



