Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली में 3 दिन ट्रैफिक का झंझट! 35 सड़कों पर ब्रेक, घर से निकलने से पहले पढ़ लें एडवाइजरी

BRICS Summit Delhi Traffic Advisory: राजधानी दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक BRICS Summit 2026 आयोजित होगा. इस दौरान VVIP मूवमेंट और सुरक्षा को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए जाएंगे.

BRICS Summit Delhi Traffic Advisory

तीन दिन तक बदले रहेंगे नियम

BRICS Summit Delhi Traffic Advisory: राजधानी दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक BRICS Summit 2026 आयोजित होगा. इस दौरान VVIP मूवमेंट और सुरक्षा को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए जाएंगे. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी है जिसमें साफ कहा गया है कि नई दिल्ली, मध्य दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली के कई प्रमुख रास्तों पर यातायात नियंत्रित रहेगा.

35 से ज्यादा सड़कों पर असर

पुलिस के मुताबिक, सम्मेलन के दौरान 35 से अधिक मुख्य मार्ग प्रभावित होंगे. इसके अलावा 22 बड़े डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं ताकि वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा सके. लोगों से अपील की गई है कि वे सम्मेलन स्थल और आसपास के इलाकों में बिना जरूरत यात्रा से बचें.

BRICS समिट से बदलेगा ट्रैफिक

BRICS Summit में अलग-अलग देशों के प्रतिनिधि और मेहमान शामिल होंगे. उनकी आवाजाही के चलते कई जगहों पर ट्रैफिक रोका या डायवर्ट किया जाएगा. पुलिस ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले अपने रूट की जानकारी लें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें. साथ ही सामान्य से अधिक समय लेकर निकलने की भी सलाह दी गई है.

नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के मार्ग

एडवाइजरी में जिन सड़कों पर असर पड़ेगा उनमें सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, राजेश पायलट मार्ग, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, टीज जनवरी मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड और मोतीलाल नेहरू मार्ग शामिल हैं. इसके अलावा अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, शांति पथ, जनपथ, नीति मार्ग, अशोक रोड और पंचशील मार्ग पर भी ट्रैफिक नियंत्रित किया जाएगा.

भारत मंडपम के आसपास सख्ती

सम्मेलन के मुख्य कार्यक्रम भारत मंडपम में होंगे. इसलिए वहां जाने वाले रास्तों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मीर दर्द चौक, कस्तूरबा गांधी मार्ग-आउटर सर्कल और जनपथ-कनॉट प्लेस के आसपास वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा. पटेल चौक और आरएमएल अस्पताल के आसपास भी ट्रैफिक पर खास नजर रहेगी.

मथुरा रोड और तिलक मार्ग का हाल

मथुरा रोड और तिलक मार्ग पर भी यातायात में बदलाव होगा. लोधी फ्लाईओवर के नीचे, नीला गुंबद, ओबेरॉय फ्लाईओवर और डीपीएस मथुरा रोड के सामने यू-टर्न अंडरपास प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट रहेंगे. रिंग रोड-भैरों मार्ग और मंडी हाउस के आसपास भी ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा.

दक्षिणी दिल्ली में भी असर

दक्षिणी दिल्ली में धौला कुआं फ्लाईओवर, सरदार पटेल मार्ग, मोती बाग फ्लाईओवर, शांति पथ, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग और अफ्रीका एवेन्यू पर ट्रैफिक व्यवस्था बदली जाएगी. लोधी रोड, अमृता शेरगिल मार्ग, मैक्स मुलर मार्ग, महर्षि रमन मार्ग और आर्चबिशप मैकारियस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों पर भेजा जाएगा.

ये भी पढ़ें-कांग्रेस में ‘नई टीम’ की तलाश तेज, राहुल गांधी ने संभाला मोर्चा; 120 नेताओं के इंटरव्यू

पुलिस ने क्या अपील की?

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि वे 11 से 13 सितंबर के बीच बिना जरूरत नई दिल्ली और सम्मेलन स्थल के आसपास न जाएं. जरूरी यात्रा करने वाले लोग पहले से रूट तय करें और अतिरिक्त समय लेकर निकलें. पुलिस ने निवासियों, व्यापारियों, होटल संचालकों और RWA से भी सहयोग की अपील की है ताकि सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रूप से चल सके.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read