पीएम मोदी के डिनर में पहुंचे अमित शाह
PM Modi BRICS Dinner: नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के बीच शनिवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से विदेशी मेहमानों के सम्मान में विशेष रात्रिभोज का आयोजन किया गया. इस डिनर में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री और अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्री रवाना हुए. केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री बस से कार्यक्रम स्थल के लिए पहुंचे.
रात्रिभोज में शामिल होने वालों में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे. केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस कार्यक्रम को लेकर खुशी जाहिर की.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को 2026 के ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने पर गर्व है. उन्होंने बताया कि वह अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगियों और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ प्रधानमंत्री की ओर से आयोजित रात्रिभोज में शामिल होने जा रहे हैं.
पीएम मोदी ने किया विदेशी नेताओं का स्वागत
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने भारत मंडपम में ब्रिक्स देशों से पहुंचे राष्ट्राध्यक्षों और दूसरे शीर्ष नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया. इनमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा प्रमुख रूप से शामिल हैं. मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान भी सम्मेलन में पहुंचे हैं.
भारत इस साल ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस साल की थीम ‘बिल्डिंग फॉर रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी’ है, जो प्रधानमंत्री मोदी के ‘ह्यूमैनिटी फर्स्ट’ दृष्टिकोण पर आधारित है.
ये भी पढ़ें: BRICS की तस्वीर देख हिला अमेरिका, एक फ्रेम में 3 महाशक्तियां, मुस्कान में बड़ा संदेश
ब्रिक्स में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, सऊदी अरब और यूएई शामिल हैं. भारत ने 1 जनवरी 2026 से चौथी बार इसकी अध्यक्षता संभाली है. यह साल इसलिए भी खास है क्योंकि ब्रिक्स की स्थापना को 20 वर्ष पूरे हो रहे हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


