BRICS सम्मेलन के लिए दिल्ली तैयार (AI IMAGE)
राजधानी दिल्ली में होने जा रहे BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर सुरक्षा के कड़े और अभेद्य इंतजाम किए गए हैं. एयरपोर्ट से लेकर भारत मंडपम और विदेशी मेहमानों के ठहराव वाले होटलों तक करीब 25,000 सुरक्षाकर्मियों का कड़ा पहरा रहेगा. इनमें 15,000 दिल्ली पुलिस के जवान और बाकी अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियां शामिल हैं.
सुरक्षा को सुचारू बनाए रखने के लिए पूरी दिल्ली को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर DCP स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है.
सुरक्षा के खास पुख्ता इंतजाम
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के 11 सितंबर और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के 12 सितंबर को दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है. पालम एयरफोर्स स्टेशन पर लैंडिंग के बाद दोनों नेताओं को चाणक्यपुरी के प्रमुख होटलों में ठहराया जाएगा.
रूस और चीन की एडवांस सिक्योरिटी टीमें पहले ही दिल्ली पहुंचकर कमान संभाल चुकी हैं. राष्ट्रपति शी जिनपिंग की सुरक्षा की कमान दिल्ली पुलिस की ‘स्पेशल सेल’ के हाथों में होगी, जबकि पुतिन के ठहरने वाले होटल में एडीशनल DCP और ACP स्तर के अधिकारी हर शिफ्ट में तैनात रहेंगे.
सुरक्षा एजेंसियों ने होटलों के एक-एक कर्मचारी की पुलिस वेरिफिकेशन कराई है. स्थानीय रिकॉर्ड से लेकर उनके गृह राज्यों तक की जांच पूरी की गई है.
विदेशी राष्ट्राध्यक्षों के ठहराव और काफिले का प्लान
सुरक्षा कारणों से विदेशी मेहमानों के लिए अलग-अलग होटलों में व्यवस्था की गई है:
- शी जिनपिंग बेलारूस के राष्ट्रपति के साथ एक होटल में रुकेंगे.
- व्लादिमीर पुतिन बांग्लादेश के VIP डेलिगेशन के साथ ठहरेंगे.
- इरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के लिए पूरी तरह अलग होटल का इंतजाम है.
- इंडोनेशिया, ब्राजील, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और यूएन महासचिव समेत अन्य वैश्विक नेताओं को भी अलग-अलग लक्जरी होटलों में जगह दी गई है.
रूसी और चीनी राष्ट्राध्यक्षों का काफिला (मोटरकेड) सबसे बड़ा होगा, जिसके लिए विशेष गाड़ियां भी विदेश से बुलाई गई हैं.
भारत मंडपम पहुंचने का पूरा टाइमटेबल
शनिवार को सभी राष्ट्राध्यक्ष दोपहर 1:30 बजे से 2:15 बजे के बीच भारत मंडपम पहुंचेंगे. वहीं रविवार को सुबह 8:50 से 9:25 बजे के बीच उनका आगमन होगा. दोनों दिन अबू धाबी के क्राउन प्रिंस सबसे पहले, जबकि चीनी राष्ट्रपति और अंत में रूसी राष्ट्रपति पुतिन भारत मंडपम पहुंचेंगे. ट्रैफिक पुलिस ने रूट फाइनल कर रिहर्सल पूरी कर ली है.
यह भी पढ़ें: पुतिन फिर आएंगे भारत, 11 सितंबर को मोदी से मुलाकात; Su-57 समेत इन मुद्दों पर होगी बात
- भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




