MP News: बुढार थाने में पदस्थ हेड कांस्टेबल चेतराम का डिजिटल रिश्वत लेने का ऑडियो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो में ईंट कारोबारी दुर्गेश और रवि प्रजापति से पैसों की मांग और लेन-देन का खुलासा हुआ है.
कारोबारी भाइयों से वसूली
आरोप है कि चेतराम ने दोनों भाइयों से कुल 17 हजार रुपये की रिश्वत ली. इसमें से 7 हजार रुपये नकद और 5 हजार रुपये फोन पे के जरिए लिए गए, जबकि शेष राशि डीजल और कैश के रूप में वसूली गई.
मोबाइल में सबूत कैद
दुर्गेश और रवि प्रजापति ने पुलिसकर्मी को रिश्वत देते समय ऑडियो-वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया. उन्होंने ऑनलाइन भुगतान का भी प्रमाण प्रस्तुत किया है, जिससे यह मामला और गंभीर हो गया है.
पुराने मामले में दबाव
जानकारी के अनुसार, हेड कांस्टेबल चेतराम ने एक पुराने मामले में दुर्गेश को पकड़ने और कार्रवाई करने की धमकी दी थी. साथ ही ईंट निर्माण में इस्तेमाल किए गए कोयले की खपत को लेकर भी कार्यवाही करने की चेतावनी दी गई थी.
पैसों की मांग और धमकी
कार्रवाई से बचने के लिए चेतराम ने 17 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी. कारोबारी भाइयों का कहना है कि पुलिसकर्मी ने उन्हें लगातार दबाव में रखा और पैसे देने के लिए मजबूर किया.
ये भी पढ़ें-बिटकॉइन स्कैम में पहली गिरफ्तारी, 20,000 करोड़ का क्रिप्टो घोटाला उजागर
डिजिटल लेन-देन और मोबाइल रिकॉर्डिंग के जरिए रिश्वतखोरी का यह मामला उजागर हुआ है. वायरल वीडियो ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं और अब इस पर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


