मुंबई में पहली बार कबूतरों को दाना डालने पर अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. मुंबई में कबूतरों की बढ़ती संख्या और इससे जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए पुलिस ने पहली बार कबूतरों को दाना डालने वाले एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया.
कहां का है मामला ?
यह घटना मुंबई के माहिम इलाके की है, जहां एक शख्स को एलजी रोड पर अपनी कार से कबूतरों को दाना डालते हुए देखा गया. कार की नंबर प्लेट स्पष्ट नहीं थी, इस वजह से आरोपी की पहचान नहीं हो सकी.
BNS की धारा में FIR दर्ज
माहिम पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 270 और धारा 223 के तहत मामला दर्ज किया है. यह देश का पहला ऐसा मामला है, जिसमें कबूतरों को दाना डालने पर पुलिस ने एफआईआर (FIR) दर्ज की.
पुलिस ने क्या बताया ?
पुलिस अधिकारी (Police Officer) ने बताया कि यह कार्रवाई बॉम्बे हाईकोर्ट के उस आदेश के बाद की गई है, जिसमें कहा गया था कि सार्वजनिक स्थलों और विरासत स्थलों पर कबूतरों को दाना डालने पर सख्त कार्रवाई की जाए और जरूरत पड़ने पर एफआईआर दर्ज की जाए और उन्हें दंडित किया जाए.
कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा था कि प्रशासन की स्पष्ट रोक के बावजूद भी लोग अब भी कबूतरखानों में कबूतरों को दाना डालते दिखाई दे रहे हैं. ऐसे लोगों पर कार्रवाई जरूरी है. बीएमसी और पुलिस ने मिलकर दादर कबूतरखाना का निरीक्षण किया और तय किया कि निगरानी के लिए तीन शिफ्टों में अधिकारी तैनात किए जाएंगे.
कबूतरखानों पर निगरानी
मुंबई में मौजूद 51 कबूतरखानों की पहचान की गई है और अब इन पर निगरानी रखी जाएगी.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

