Bharat Express DD Free Dish

₹8 करोड़ बैंक धोखाधड़ी मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई- दो दशक से फरार महिला आरोपी गिरफ्तार

CBI ने 20 साल से फरार मणि एम. शेखर को गिरफ्तार कर बैंक धोखाधड़ी के एक लंबे केस में बड़ी कामयाबी हासिल की है. आरोपी ने नाम और पहचान बदलकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश की थी, लेकिन अत्याधुनिक तकनीक ने उसका भेद खोल दिया.

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने करीब 20 वर्षों से फरार घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) स्मटी मणि एम. शेखर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. यह गिरफ्तारी ₹8 करोड़ के बैंक धोखाधड़ी मामले में हुई है.

यह मामला CBI BSFB बेंगलुरु ने 01.08.2006 को दर्ज किया था, जिसमें रामानुजम मुतुरामालिंगम शेखर @ आर.एम. शेखर, एमडी, M/s Indo Marks Pvt. Ltd. और मणि एम. शेखर, निदेशक, M/s Indo Marks & BTC Home Products Pvt. Ltd. पर आरोप था कि इन्होंने 2002 से 2005 के बीच आपराधिक साजिश रचकर भारतीय स्टेट बैंक, ओवरसीज ब्रांच, बेंगलुरु को ₹8 करोड़ की धोखाधड़ी से नुकसान पहुंचाया.

जांच के बाद 10.12.2007 को चार्जशीट दाखिल की गई, लेकिन दोनों आरोपी ट्रायल में शामिल नहीं हुए और 27.02.2009 को अदालत ने इन्हें फरार घोषित कर दिया. लंबे समय तक कोशिशों के बावजूद दोनों का पता नहीं चला, जिसके चलते CBI ने सुराग देने वालों के लिए ₹50,000 का इनाम भी घोषित किया था.

जांच में पता चला कि दोनों ने अपनी पहचान बदल ली थी और पुराने KYC दस्तावेजों का उपयोग नहीं किया. उन्होंने अपने नाम बदलकर कृष्ण कुमार गुप्ता (पति) और गीता कृष्ण कुमार गुप्ता (पत्नी) रख लिए, साथ ही मोबाइल नंबर, ईमेल और PAN आदि भी बदल दिए.

आधुनिक तकनीक से मिला सुराग

CBI ने अत्याधुनिक Image Search tools की मदद से डिजिटल फुटप्रिंट्स खंगाले और तस्वीरों का मिलान कर दोनों की पहचान इंदौर, मध्य प्रदेश में कर ली. फील्ड वेरिफिकेशन के बाद CBI टीम ने कार्रवाई की, जिसमें पता चला कि आरोपी रामानुजम मुतुरामालिंगम शेखर की 2008 में मृत्यु हो चुकी है (नए नाम से). वहीं, मणि एम. शेखर को 12.07.2025 को गिरफ्तार कर बेंगलुरु की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

करीब 90% से अधिक सटीकता वाले फोटो मिलान की तकनीक ने इन फरार आरोपियों की पहचान करने में अहम भूमिका निभाई. यह मामला दिखाता है कि कैसे तकनीकी प्लेटफॉर्म और जमीनी स्तर पर अधिकारियों की मेहनत मिलकर वर्षों से फरार अपराधियों की गिरफ्तारी में मदद कर सकते हैं.


ये भी पढ़े: फिल्म ‘Coolie’ की कहानी लीक? देवा बनकर सोने की तस्करी करते दिखे रजनीकांत, जबरदस्त लुक हुआ वायरल


भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read