Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

सीबीआई ने रेलवे विभागीय परीक्षा में रिश्वतखोरी के मामले में छह आरोपियों को किया गिरफ्तार

सीबीआई ने रेलवे विभागीय परीक्षा में रिश्वतखोरी के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पश्चिम रेलवे के अधिकारी और एक निजी व्यक्ति शामिल हैं. जांच जारी है.

CBI

सीबीआई ने रेलवे विभागीय परीक्षा में कथित रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पश्चिम रेलवे, वडोदरा के दो आईआरपीएस अधिकारी, चर्चगेट, मुंबई के एक डिप्टी चीफ कमर्शियल मैनेजर, वडोदरा के एक डिप्टी स्टेशन अधीक्षक, अहमदाबाद के रेलवे अस्पताल के एक नर्सिंग अधीक्षक और एक निजी व्यक्ति शामिल हैं.

सीबीआई ने 18 फरवरी 2025 को इस मामले में एफआईआर दर्ज की थी, जिसमें रेलवे के तीन अधिकारियों और एक निजी व्यक्ति पर आरोप लगाया गया था कि वे रेलवे विभागीय परीक्षा में चयन के बदले अभ्यर्थियों से रिश्वत वसूल रहे थे. आरोप है कि वडोदरा के मंडल कार्मिक अधिकारी (आईआरपीएस: 2018 बैच) ने चर्चगेट, मुंबई स्थित डिप्टी चीफ कमर्शियल मैनेजर को निर्देश दिया था कि वे परीक्षा में चयन के इच्छुक कम से कम 10 अभ्यर्थियों की सूची तैयार करें, जो रिश्वत देने के लिए तैयार हों. इसके बाद डिप्टी चीफ कमर्शियल मैनेजर ने वडोदरा के डिप्टी स्टेशन अधीक्षक और एक निजी व्यक्ति से संपर्क कर ऐसे अभ्यर्थियों से रिश्वत वसूलने की योजना बनाई.

650 ग्राम सोना हुआ बरामद

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी डिप्टी चीफ कमर्शियल मैनेजर ने वडोदरा के एक जौहरी से बिना बिल के लगभग 400 ग्राम सोना खरीदने की कोशिश की थी. इसके अलावा, उन्होंने आनंद जाकर निजी व्यक्ति से नकद राशि भी प्राप्त की थी. सीबीआई ने छापेमारी के दौरान अहमदाबाद स्थित पश्चिम रेलवे के एक नर्सिंग अधीक्षक को रोका, जिनके पास से 650 ग्राम सोना बरामद हुआ. आरोप है कि यह सोना करीब 57 लाख रुपये की नकद राशि से खरीदा गया था और इसे वडोदरा के वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी (आईआरपीएस: 2018 बैच) को सौंपा जाना था.

सीबीआई ने इस मामले में वडोदरा, गुजरात समेत 11 स्थानों पर छापेमारी की, जिसमें 650 ग्राम सोना, लगभग 5 लाख रुपये नकद, कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए.

गिरफ्तार किए गए आरोपियों को आज अहमदाबाद स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा.

गिरफ्तार किए गए आरोपी:

  •  सुनील बिश्नोई– वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी (आईआरपीएस: 2008 बैच), वडोदरा डिवीजन, पश्चिम रेलवे
  • अंकुश वासन– मंडल कार्मिक अधिकारी (आईआरपीएस: 2018 बैच), पश्चिम रेलवे, वडोदरा
  • संजय कुमार तिवारी– डिप्टी चीफ कमर्शियल मैनेजर, चर्चगेट, पश्चिम रेलवे, मुंबई
  • नीरज सिन्हा– डिप्टी स्टेशन अधीक्षक, वडोदरा
  • दिनेश कुमार– नर्सिंग अधीक्षक, मंडल रेलवे अस्पताल, साबरमती, अहमदाबाद
  •  मुकेश मीणा– निजी व्यक्ति

सीबीआई इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital