Bharat Express DD Free Dish

CBI ने नोएडा से साइबर फ्रॉड गैंग का भंडाफोड़ किया, विदेशी नागरिकों को बना रहे थे निशाना

सीबीआई ने ऑपरेशन चक्र-V के तहत नोएडा में चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया, जो यूके और ऑस्ट्रेलिया के नागरिकों को टेक्निकल सपोर्ट का झांसा देकर ठग रहा था. गिरोह के प्रमुख सहयोगी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा.

सीबीआई ने ऑपरेशन चक्र-V के तहत एक अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो यूनाइटेड किंगडम और ऑस्ट्रेलिया के नागरिकों को टेक्निकल सपोर्ट के नाम पर ठग रहा था. 7 जुलाई 2025 को नोएडा के तीन ठिकानों पर छापेमारी की गई, जिसमें नोएडा स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन में चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा हुआ.

एडवांस तकनीक का इस्तेमाल कर विदेशों में ठगी

गिरोह के सदस्य खुद को माइक्रोसॉफ्ट जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों का टेक्निकल सपोर्ट स्टाफ बताकर विदेशी नागरिकों को डराते थे कि उनके डिवाइस हैक हो चुके हैं और इसी बहाने उनसे पैसे वसूलते थे. छापेमारी के दौरान कॉल सेंटर से लाइव ठगी की कॉल्स पकड़ी गईं.

इस कार्रवाई में सीबीआई ने एफबीआई (अमेरिका), यूके की नेशनल क्राइम एजेंसी और माइक्रोसॉफ्ट के साथ मिलकर काम किया. कॉल सेंटर ‘FirstIdea’ नाम से चल रहा था और इसमें एडवांस तकनीक का इस्तेमाल कर बड़े पैमाने पर विदेशों में ठगी की जा रही थी.

गिरोह का प्रमुख सहयोगी गिरफ्तार

सीबीआई ने कॉल सेंटर के प्रमुख सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे 8 जुलाई को स्पेशल सीबीआई कोर्ट में पेश किया जा रहा है. सीबीआई ने कहा है कि वह साइबर अपराधों के खिलाफ अपनी मुहिम जारी रखेगी और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर ऐसे गिरोहों को जड़ से खत्म करेगी.


ये भी पढ़े: हैदराबाद के सिविल कोर्ट को मिली बम की धमकी वाला ईमेल, परिसर की तलाशी जारी…टास्क फोर्स और पुलिस मौके पर मौजूद


भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read