VVIP दर्शन के नाम पर पैसा वसूली
Maharashtra News: महाराष्ट्र में गणेश उत्सव की धूम पूरे देश में अनूठे अंदाज में देखने को मिलती है. हर तरफ ‘गणपति बप्पा मोरया’ और ‘गणपति बापा आले’ के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो जाता है. लोग श्रद्धा के साथ बप्पा के स्वागत और उनके दर्शन के लिए पंडालों में पहुंचते हैं. लेकिन इस पावन पर्व के बीच महाराष्ट्र के चंद्रपुर से एक हैरान करने वाली और शर्मनाक खबर सामने आई है जिसने श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाई है.
क्या है पूरा मामला?
मामला चंद्रपुर शहर के जटपूरा वार्ड स्थित बेहद प्रसिद्ध गणेश मंडल “चंद्रपुर चा राजा” का है. गणेशोत्सव के दौरान किसी भी बड़े पंडाल में भगवान गणेश के दर्शन करने या वहां की मनमोहक झांकियों को निहारने के लिए किसी भी तरह का टिकट या शुल्क लेना पूरी तरह से अवैध और गैरकानूनी माना जाता है. इसके बावजूद, इस मंडल में भगवान के VVIP दर्शन के नाम पर भक्तों से सीधे तौर पर 100-100 रुपये वसूले जा रहे हैं.
सामान्य दिनों में जहां दर्शन सभी भक्तों के लिए पूरी तरह निशुल्क होते हैं, वहीं इस तरह के वीवीआईपी पास बेचकर आम और खास भक्तों के बीच भेदभाव किया जा रहा है. हैरानी की बात यह है कि सरेआम हो रही इस पैसों की उगाही के बावजूद स्थानीय प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारी इस पर पूरी तरह आंखें मूंदकर बैठे हैं और उन्होंने अब तक इस मामले में कोई सुधि नहीं ली है.
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी के जन्मदिन पर बना वर्ल्ड रिकॉर्ड, 33.27 लाख दीयों से जगमगाया उज्जैन
भक्तों में बढ़ रहा है रोष
जब से यह मामला सामने आया है, तब से स्थानीय लोगों और बप्पा के भक्तों में भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है. लोगों का कहना है कि धार्मिक आयोजनों को कमाई का जरिया बनाना सरासर गलत है. इस तरह के आयोजनों में पैसे लेकर वीवीआईपी पास बांटना भगवान के दरबार में असमानता पैदा करता है.
भक्तों ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि इस मामले में तुरंत संज्ञान लेते हुए इस तरह की अवैध वसूली पर रोक लगाई जाए और दोषी मंडल के पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

