Clean Toilet Picture Challenge: देश भर के नेशनल हाईवे पर सफर अब सिर्फ ड्राइविंग का मजा ही नहीं, बल्कि साफ-सफाई का मौका भी दे रहे हैं. राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने एक अनोखा अभियान शुरू किया है, जिसका नाम है ‘Clean Toilet Picture Challenge’. इस अभियान के जरिए यात्रियों को गंदे टॉयलेट्स की रिपोर्ट करने पर 1,000 रुपये का FASTag रिचार्ज जीतने का मौका मिलेगा.
अभियान की खास बातें
इस अभियान में हिस्सा लेने के लिए यात्रियों को Rajmarg Yatra ऐप पर अपने मोबाइल से गंदी टॉयलेट की क्लियर, जियो-टैग वाली फोटो अपलोड करनी होगी. फोटो के साथ यात्री का नाम, वाहन नंबर, मोबाइल नंबर और लोकेशन भी देना अनिवार्य है. ध्यान रहे, यह अभियान केवल NHAI के अंतर्गत आने वाले टॉयलेट्स के लिए है, पेट्रोल पंप, ढाबा या अन्य पब्लिक टॉयलेट्स इसमें शामिल नहीं हैं.
एक हजार रुपये का FASTag रिचार्ज कैसे मिलेगा?
- पहले सही तरीके से अपलोड की गई फोटो ही मान्य होगी.
- हर वाहन के लिए पूरे अभियान के दौरान केवल एक बार इनाम मिलेगा.
- हर टॉयलेट की रिपोर्ट रोजाना केवल एक बार मान्य होगी.
NHAI का यह प्रयास न केवल राजमार्गों की सफाई और सौंदर्यीकरण बढ़ाने के लिए है, बल्कि यात्रियों को साफ-सुथरा और आरामदायक अनुभव देने के उद्देश्य से भी शुरू किया गया है.
‘Clean Toilet Picture Challenge’ 31 अक्टूबर 2025 तक चलेगा. यह अभियान Special Campaign 5.0 का हिस्सा है, जिसमें सफाई, रोड सुरक्षा, फ्लाईओवर पेंटिंग, पॉटहोल हटाना और ट्रैवलिंग अनुभव सुधारना शामिल है.
यात्रियों को बस थोड़ी सावधानी रखनी है अगर नेशनल हाईवे पर कोई गंदा टॉयलेट दिखे, तो उसकी साफ और जियो-टैग वाली फोटो क्लिक करें, ऐप पर अपलोड करें और तुरंत 1,000 रुपये का FASTag रिचार्ज जीतें.
ये भी पढ़ें- मालवा में काले हिरण और नीलगाय पकड़ने का अनोखा अभियान शुरू, हेलिकॉप्टर से हांका लगाया जाएगा, विदेश से बुलाई टीम
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

