Bharat Express DD Free Dish

CM रेखा गुप्ता का बड़ा बयान कहा “मैं बनिया हूं, हर पैसा जनता के हित में खर्च होगा”

CM रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की जनता से किए गए हर वादे को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि AAP सरकार ने सिर्फ प्रचार किया, जबकि उनकी सरकार विकास करेगी.

CM Rekha Gupta

सीएम रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा में उपराज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला और अपनी सरकार की प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार दिल्ली की जनता से किए गए हर वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है.

रेखा गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP) की पिछली सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका कार्यकाल सिर्फ़ प्रचार, प्रेस कॉन्फ्रेंस और इंस्टाग्राम रील्स बनाने में बीता. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी धरना देने वाली पार्टी बन चुकी है, जिसने विकास कार्यों को नजर अंदाज किया.

आयुष्मान योजना को दी प्राथमिकता

CM रेखा गुप्ता ने बताया कि उनकी सरकार ने शपथ ग्रहण के दिन ही कैबिनेट बैठक बुलाकर दिल्ली में लंबित आयुष्मान भारत योजना को लागू किया. यह योजना गरीबों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने का एक बड़ा कदम है.

यमुना सफाई का संकल्प

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार यमुना की सफाई को प्राथमिकता देगी. शपथ ग्रहण के बाद उनकी सरकार ने यमुना आरती कर यह संकल्प लिया कि नदी को प्रदूषण मुक्त बनाया जाएगा.

महिलाओं को ₹2500 देने का आश्वासन

पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी से हुई बातचीत का जिक्र करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि विपक्ष ने उनसे पूछा कि महिलाओं को ₹2500 कब दिए जाएंगे. इस पर उन्होंने जवाब दिया कि उनकी सरकार अपने सभी वादे पूरे करेगी.

AAP सरकार पर गंभीर आरोप

रेखा गुप्ता ने आरोप लगाया कि पूर्व CM अरविंद केजरीवाल ने शीला दीक्षित सरकार के कामों को अपना बताकर प्रचार किया. उन्होंने कहा कि AAP सरकार ने जनता की बुनियादी जरूरतों की बजाय अपने निजी प्रचार पर करोड़ों रुपये खर्च किए.

CAG रिपोर्ट पर कटाक्ष

CM ने कहा कि CAG की रिपोर्ट इतनी विस्तृत है कि उनके विधायकों को इसे पढ़ने में समय लगेगा. उन्होंने आम आदमी पार्टी के कुशासन को उजागर करने की बात कही.

“मैं बनिया हूं, पैसा बर्बाद नहीं होने दूंगी”

रेखा गुप्ता ने कहा कि विपक्ष ने उनके द्वारा एक गुलदस्ते के दोबारा इस्तेमाल को मुद्दा बनाया, लेकिन वे हर पैसे का सही उपयोग करेंगी. उन्होंने साफ़ किया कि उनकी सरकार फिजूलखर्ची नहीं करेगी.

रेखा गुप्ता ने विपक्ष को चुनौती दी कि वे किसी भी हालत में दिल्ली को विकसित बनाने के अपने वादे से पीछे नहीं हटेंगी. उनकी सरकार जनता की भलाई के लिए काम करेगी और दिल्ली को एक नई दिशा देगी.


ये भी पढ़ें: चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, विकास की ओर बढ़ते भारत का दृढ़ संकल्प


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read