Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

MP: क्रिकेट टूर्नामेंट में शामिल हुए मुख्यमंत्री शिवराज और सांसद गौतम गंभीर, CM बोले- ‘पढ़ो, खेलो और स्व-रोजगार से जुड़ो’

Shivraj Singh Chouhan News: इस कार्यक्रम में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में नौकरियों के साथ ही स्व-रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में एक लाख से 50 लाख रूपये तक का ऋण युवा उद्यमियों को दिया जाता है.

shivraj singh chouhan

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

Edited by Nitish Pandey

Shivraj Singh Chouhan: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने युवाओं से कहा है कि पढ़ो, खेलो और स्व-रोजगार से जुड़ो. पढ़ाई के साथ खेल भी आवश्यक है. खेल आनंद, प्रसन्नता देते हैं और शरीर को मजबूत बनाते हैं. प्रदेश में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद के पूरे अवसर और सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं. अभिभावक अपने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद के लिए भी प्रोत्साहित करें.

सीएम शिवराज चौहान (Shivraj Singh Chouhan) और प्रसिद्ध क्रिकेटर एवं सांसद गौतम गंभीर ने आज सीहोर के रेहटी में प्रेम सुंदर मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साह एवं मनोबल बढ़ाया. इस दौरान साधना सिंह, सांसद रमाकांत भार्गव, आयोजन समिति प्रमुख कार्तिकेय सिंह चौहान, जन-प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी और क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे.

इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि गौतम गंभीर ने देश-विदेश में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया है. उन्होंने 6 बार टेस्ट मैच में भारत की कप्तानी की और निरंतर सफलता प्राप्त की. साल 2011 में भारत को ऐतिहासिक विजय दिलवाई. वे क्रिकेटर के साथ सांसद भी हैं और जन-कल्याण के लिए जन रसोई भी चलाते हैं. मुख्यमंत्री ने गौतम गंभीर से मध्यप्रदेश के बच्चों को क्रिकेट का प्रशिक्षण देने में सहयोग करने का आग्रह भी किया.

ये भी पढ़ें : युवाओं के सहयोग से मध्यप्रदेश में सुशासन जमीन पर उतारेंगे- बोले CM शिवराज सिंह चौहान, युवाओं के सवालों के भी दिए जवाब

सीएम ने कहा कि मैं अपने माता-पिता के चरणों में प्रणाम एवं वंदन करता हूं, जिन्होंने आज मुझे इस मुकाम पर पहुंचाया है. मैं एक छोटे किसान परिवार का हूं, बचपन में ही मेरी माता नहीं रही थी. पिता ने पढ़ाने और आगे बढ़ाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी. आप अपने जीवन में कभी भी माता-पिता का सम्मान और सेवा करना न भूलें.

वहीं, मुख्यमंत्री शिवराज (Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि प्रदेश में खेलकूद के लिए उपयुक्त वातावरण है. विद्यार्थी पढ़ाई के साथ खेलें. मध्य प्रदेश से ऐसे खिलाड़ी निकले, जो पूरे देश में धूम मचाएं. विधायक और सीएम कप में विभिन्न खेलों का आयोजन किया जाता है. उन्होंने कहा कि कबड्डी, खो-खो, व्हॉली-बॉल और क्रिकेट के साथ अब बेटियां भी खेलेंगी. प्रदेश के हर गांव में खेल की सुविधाएं दी जा रही हैं. 110 गांव में बुनियादी सुविधायुक्त खेल के मैदान बनाए जा रहे हैं. नसरुल्लागंज में खेल स्टेडियम है, रेहटी में भी खेल स्टेडियम बनाया जाएगा.

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में 10वीं और 12वीं के ऐसे बच्चे जो 70 प्रतिशत या फिर उससे अधिक अंक लाते हैं, उन्हें स्कॉलरशिप दी जाएगी. प्रदेश में सीएम राइज स्कूल खोले जा रहे हैं और गांव-गांव में स्मार्ट क्लास बनाई जा रही है. कक्षा 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने पर लैपटॉप दिया जाता है और उच्च शिक्षा की फीस भी मामा भरवाता है. सरकार द्वारा विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग की सुविधा ऑफलाइन और ऑनलाइन प्रारंभ की जा रही है.

सीएम ने कहा कि प्रदेश में नौकरियों के साथ ही स्व-रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, उद्यम क्रांति योजना में एक लाख से 50 लाख रूपये तक का ऋण युवा उद्यमियों को दिया जाता है. साथ ही सरकार 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान भी देती है. कलेक्टर और कमिश्नर युवाओं को इन योजनाओं की जानकारी दें और स्व-रोजगार स्थापना में उनका सहयोग करें. मुख्यमंत्री ने आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी.

इस दौरान क्रिकेटर और बीजेपी सांसद गौतम गंभीर ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मध्यप्रदेश की आन-बान और शान है. आप सभी भाग्यशाली हैं जो आपको इतने अच्छे इंसान मुख्यमंत्री के रूप में मिले हैं. मध्यप्रदेश में 43 लाख से अधिक बेटियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ मिल रहा है, देश के किसी राज्य में इस तरह की योजना नहीं है. उन्होंने ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी और कहा कि ऐसे ही टूर्नामेंटों में खेलते हुए मैं आगे बढ़ा हूं.

ये भी पढ़ें : पेसा एक्ट की जानकारी संबंधित वर्ग तक सरल भाषा में पहुंचाएं- सीएम शिवराज सिंह चौहान का अधिकारियों को निर्देश

बता दें कि क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ 12 दिसंबर से प्रारंभ हुआ और इसमें बुधनी विधानसभा क्षेत्र की 14 टीमों ने हिस्सा लिया. रविवार को फाइनल मुकाबला बुधनी और भैरूंदा टीमों के बीच खेला गया.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital