Bharat Express DD Free Dish

‘…तो उल्टा लटका देंगे’, CJP की मीटिंग पर बवाल; दिपके ने बताया प्लान पार्ट-2

Cockroach Janta Party CJP News: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके ने आरोप लगाया है कि धमकियों के कारण उन्हें मीटिंग के लिए हॉल नहीं मिल रहा है. उन्होंने BJP पर युवाओं से डरने का आरोप लगाते हुए 15 अगस्त से ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान और ‘जंतर-मंतर सीजन 2’ का ऐलान किया है.

Cockroach Janta Party CJP News

Cockroach Janta Party CJP News: कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP राजधानी दिल्ली की सियासत में इन दिनों काफी चर्चा में है. हालांकि, अपनी एक अहम मीटिंग से पहले ही पार्टी को भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है. CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके (Abhijeet Dipke) ने सत्ताधारी बीजेपी (BJP) पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि उनकी पार्टी के वॉलंटियर्स की मीटिंग के लिए दिल्ली में कोई हॉल किराए पर नहीं दे रहा है और जिन लोगों ने हॉल दिया था, उन्हें ‘उल्टा लटकाने’ की खौफनाक धमकियां दी जा रही हैं.

“ऊपर से प्रेशर है, उल्टा लटका देंगे…”

अभिजीत दिपके ने मीडिया से बातचीत में अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा, “आज हमारी मीटिंग होनी थी. हम 10 जगहों पर गए, लेकिन सबने कहा कि ऊपर से प्रेशर है, हम आपको हॉल नहीं दे सकते. बड़ी मुश्किल से एक हॉल मिला था, लेकिन आज सुबह उसके मालिक को धमकी दी गई कि अगर CJP की मीटिंग होने दी, तो उल्टा लटका दिया जाएगा.” दिपके ने सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि यह सब BJP करवा रही है क्योंकि वह देश के युवाओं से डर गई है. उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि ऐसी छोटी-मोटी हरकतों से CJP डरने वाली नहीं है.

‘जंतर-मंतर सीजन 2’ का बड़ा ऐलान

CJP सिर्फ धमकियों पर चुप बैठने वाली नहीं है. संस्थापक दिपके ने ऐलान किया है कि युवाओं की भारी डिमांड पर ‘जंतर-मंतर’ का सीजन 2 बहुत जल्द शुरू होने वाला है. इंस्टाग्राम पर लगातार आ रहे सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने साफ कर दिया है कि जल्द ही दिल्ली की सड़कों पर एक बड़ा युवा आंदोलन देखने को मिलेगा.

15 अगस्त से ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान

इसी कड़ी में, पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने भी एक बड़ा ऐलान किया है. CJP आगामी 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) से देशभर में ‘क्या बोलती पब्लिक’ नाम से एक महा-अभियान शुरू करने जा रही है. रांका ने कहा कि आजादी के बाद से सरकारी स्कूलों को बर्बाद किया गया है और गांवों के बच्चों को मजदूरी के लिए छोड़ दिया गया है.

ये भी पढ़ें: JPSC आंदोलन का 19वां दिन: पुलिस की लाठियां, पंडाल की कटी बिजली; CBI जांच से कौन बचेगा?

CJP इस अभियान के तहत सरपंचों से सरकारी स्कूल सुधारने की मांग करेगी और अगर ऐसा नहीं हुआ, तो गांव-गांव में उग्र विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे. CJP के इन आक्रामक तेवरों ने दिल्ली से लेकर देश की सियासत में एक नई हलचल पैदा कर दी है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest