Congress Screening Committee: कांग्रेस ने आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन कर लिया है. इनमें सबसे अहम जिम्मेदारी प्रियंका गांधी को दी गई है. उन्हें असम की स्क्रीनिंग कमेटी का प्रमुख बनाया गया है. यह पहली बार है जब प्रियंका गांधी को किसी राज्य की स्क्रीनिंग कमेटी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
स्क्रीनिंग कमेटी का काम
स्क्रीनिंग कमेटी का काम उम्मीदवारों की सूची तैयार करना होता है, जिस पर अंतिम मुहर पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति लगाती है. असम में प्रियंका गांधी की अगुवाई वाली कमेटी में इमरान मसूद, सप्तगिरी उलाका और श्रीवेला प्रसाद सदस्य होंगे. असम कांग्रेस ने बीस जनवरी तक टिकट के लिए आवेदन मांगे हैं. यहां की 126 सीटों में से कांग्रेस करीब 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि बाकी 26 सीटों पर सहयोगी दल मैदान में उतरेंगे.
असम में सीधा मुकाबला
असम ही एकमात्र राज्य है जहां कांग्रेस का सीधा मुकाबला बीजेपी से है. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के सामने कांग्रेस की कमान सांसद गौरव गोगोई के हाथों में है. प्रियंका गांधी को टिकट बांटने की जिम्मेदारी मिलने से साफ है कि वह इस चुनाव में केंद्रीय भूमिका निभाएंगी.
अन्य राज्यों की कमेटियां
केरल की स्क्रीनिंग कमेटी की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्री को दी गई है. उनके साथ नासिर हुसैन, नीरज डांगी और अभिषेक दत्त सदस्य होंगे. तमिलनाडु और पुडुचेरी की कमेटी की कमान छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंह देव को सौंपी गई है. यशोमति ठाकुर, जीसी चंद्रशेखर और अनिल यादव इसमें शामिल हैं. पश्चिम बंगाल की कमेटी बीके हरिप्रसाद के नेतृत्व में बनी है, जिसमें मोहम्मद जावेद, बीपी सिंह और ममता देवी सदस्य हैं.
ये भी पढ़ें-“अमेरिका दुश्मन को पकड़ सकता है तो भारत क्यों नहीं?”… गोवंडी में ओवैसी का केंद्र सरकार पर हमला
केरल में कांग्रेस के लिए सत्ता में आने का मौका है, क्योंकि वहां दस सालों से वाम मोर्चे की सरकार है. तमिलनाडु में कांग्रेस डीएमके से ज्यादा सीटों की मांग कर रही है. वहीं, पश्चिम बंगाल में कांग्रेस मुख्य मुकाबले से बाहर है और सभी 294 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने पर विचार कर रही है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


