Bharat Express DD Free Dish

‘कुछ पता नहीं होता…’ कांग्रेस नेता चिदंबरम को बीजेपी ने क्यों बताया ‘नाराज फूफा’?

BRICS समेत अंतरराष्ट्रीय मंचों से भारत को होने वाले फायदे पर कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम के सवालों ने सियासी बहस छेड़ दी है. BJP प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने पलटवार करते हुए चिदंबरम को ‘नाराज फूफा’ बताया और BRICS की उपयोगिता पर उनके सवालों का जवाब दिया.

P Chidambaram BRICS Summit

P Chidambaram on BRICS: भारत में होने वाले BRICS समिट को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम के सवालों ने सियासी बहस छेड़ दी है. चिदंबरम ने BRICS के साथ-साथ SCO, G20 और QUAD जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों में भारत की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर इन संगठनों का देश को कितना फायदा मिल रहा है. उनके इस बयान पर बीजेपी ने तीखा पलटवार किया है.

चिदंबरम ने कहा कि पिछले दो-तीन BRICS समिट से उन्हें कोई खास ठोस नतीजा या फायदा नजर नहीं आया. उन्होंने कहा कि भारत BRICS, SCO, G20 और QUAD जैसे कई बड़े समूहों का हिस्सा है, लेकिन यह साफ होना चाहिए कि इन मंचों से देश को वास्तविक लाभ क्या मिल रहा है. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि BRICS के शुरुआती दौर में भारत को कुछ ठोस फायदे मिले थे.

BJP का पलटवार, चिदंबरम को बताया ‘नाराज फूफा’

कांग्रेस नेता के बयान पर बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया के जरिए जवाब दिया. उन्होंने चिदंबरम पर तंज कसते हुए उन्हें ‘नाराज फूफा’ कह दिया. भंडारी ने कहा कि जब भी भारत में कोई बड़ा और सकारात्मक काम होता है, कांग्रेस को उसमें परेशानी नजर आने लगती है.

उन्होंने कहा कि भारत BRICS समिट की मेजबानी क्यों कर रहा है, इस पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को बुनियादी जानकारी हासिल कर लेनी चाहिए. भंडारी ने दावा किया कि BRICS देशों को भारत का निर्यात करीब 85 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है. उन्होंने यह भी कहा कि विस्तार के बाद BRICS में दुनिया की लगभग आधी आबादी और करीब 40 फीसदी वैश्विक GDP का प्रतिनिधित्व होता है.

12-13 सितंबर को दिल्ली में BRICS समिट

भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें BRICS लीडर्स समिट की मेजबानी करेगा. इस साल भारत चौथी बार BRICS की अध्यक्षता कर रहा है. समिट की थीम ‘Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability’ रखी गई है.


ये भी पढ़ें: हाईवे नहीं बना तो माफी मांगने लगे नितिन गडकरी, बोले- देरी से शर्मिंदा हूं


बैठक में विस्तारित 11 सदस्यीय BRICS समूह के नेता शामिल होंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन समेत अन्य नेताओं की मेजबानी करेंगे. चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भी इसमें शामिल होने की उम्मीद है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read