Datia by election Update
Datia By election Update: दतिया उपचुनाव को लेकर मध्य प्रदेश की राजनीति में भारी गहमा-गहमी चल रही है. सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ओर से सियासी चक्रव्यूह रचे जा रहे हैं. इस चक्रव्यूह में एक ओर नरोत्तम मिश्रा हैं, तो दूसरी ओर अवधेश नायक. दोनों अपनी-अपनी पार्टियों से नाराज बताये जा रहे हैं. बीजेपी शीर्ष नेतृत्व के दबाव में नरोत्तम मिश्रा तो बीजेपी उम्मीदवार के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं, लेकिन टिकट कटने से नराज अवधेश नायक मौन चल रहे हैं. जिसको लेकर आज कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता मुकेश नायक दतिया पहुंचे और अवधेश नायक से मुलाकात की.
मुकेश नायक ने अवधेश नायक के साथ बंद कमरे में एक घंटे तक चर्चा की, जिसमें उन्होंने पार्टी का पक्ष रखा. चर्चा खत्म होने के बाद मुकेश नायक मीडिया के सामने आए और भाजपा पर जमकर निशाना साधा.
पार्टी के ईमानदार कार्यकर्ता हैं ‘नायक’
कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता ने बताया कि अवधेश नायक पार्टी के ईमानदार कार्यकर्ता हैं. उनके पाला बदलने की खबरें सरासर गलत हैं. वो कांग्रेस में ही रहेंगे और पूरी क्षमता से कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह का प्रचार करेंगे.
मुकेश नायक ने बताया कि अवधेश नायक के घर पर दतिया उपचुनाव को लेकर विस्तार से बातचीत की गई. उन्होंने बीजेपी पर भ्रम पैदा करने का आरोप लगाया.
बीजेपी भ्रम पैदा कर रही- नायक
उन्होंने कहा कि बीजेपी भ्रम पैदा कर रही है कि अवधेश नायक बीजेपी का काम करेंगे. पिछली बार अंतिम क्षणों में उनकी टिकट काट दी गई थी. तब भी वो कांग्रेस में रहे और भारती जी (पूर्व कांग्रेस विधायक) को जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. अभी भी वो कांग्रेस में ही हैं और कांग्रेस प्रत्याशी को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे.
ये भी पढ़ें- ‘कृष्ण नमाज पढ़ते थे’, मौलाना के बयान से भड़के लोग, लखनऊ में में FIR दर्ज
बता दें कि, इससे पहले बीजेपी भी इस कांग्रेस नेता को अपने पाले में करने के लिए मुलाकात कर चुकी है. भाजपा के कई मंत्री और वरिष्ठ नेता अवधेश नायक के घर पहुंचकर बातचीत कर चुके हैं. अवधेश नायक पहले बीजेपी में ही थे, इसलिए बीजेपी नेताओं की कोशिश है कि अवधेश नायक की घर वापसी कराकर दतिया उपचुनाव में जीत दर्ज की जा सके.
(दतिया से भारत एक्सप्रेस के लिए रविन्द्र कुशवाह की रिपोर्ट पर आधारित)
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

