Urdu Conclave 2026

नशा मुक्त भारत की ओर एक कदम, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने देशभर में चलाया ‘नशा मुक्त पखवाड़ा’ अभियान

अंतरराष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस (26 जून) के अवसर पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) द्वारा चलाए गए ‘नशा मुक्त पखवाड़ा’ अभियान के अंतर्गत देशभर में साइक्लोथॉन, वॉकाथॉन, बाइक रैलियों और जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों लोगों ने भाग लिया और नशा मुक्त भारत का संकल्प लिया.

Cyclothon Delhi 2025

International Anti Drug Day 2025: अंतरराष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस (26 जून) के उपलक्ष्य में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने 11 जून 2025 से पूरे देश में ‘नशा मुक्त पखवाड़ा’ अभियान की शुरुआत की. इस पखवाड़े के दौरान देशभर में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें पुलिस बल, एनजीओ, बैंकिंग संस्थान, युवाओं, शैक्षणिक संस्थानों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही.

इस अभियान के तहत देशभर के विभिन्न शहरों में साइक्लोथॉन, वॉकाथॉन और बाइक रैलियां आयोजित की गईं, जिनका उद्देश्य था — नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाना और एकजुट होकर ‘नशा मुक्त भारत’ की दिशा में संकल्प लेना.

दिल्ली में DG NCB के नेतृत्व में Cyclothon

22 जून को दिल्ली में नेशनल पुलिस मेमोरियल से साइक्लोथॉन को NCB के महानिदेशक श्री अनुराग गर्ग (IPS) ने झंडी दिखाकर रवाना किया और खुद इस रैली की अगुवाई की. इस दौरान 1,000 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए, जिनमें दिल्ली पुलिस, NCB, CAPFs, ब्रह्माकुमारी संस्था, सामुदायिक समूहों और युवाओं की भागीदारी रही. ओलंपियन सरिता मोर और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे. DG NCB ने इस मौके पर कहा कि “नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून लागू करने की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है — जिसमें परिवार, युवा और संस्थान शामिल हैं.”

इसी दिन देश के 13 विभिन्न स्थानों पर भी इसी तरह की रैलियां आयोजित की गईं.

देशभर से प्रमुख झलकियां

  • बेंगलुरु: 12 जून को NCB बेंगलुरु ज़ोन ने S-VYASA यूनिवर्सिटी, RGUHS, Dishabodh Foundation और अन्य संस्थाओं के साथ मिलकर ‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’ की आधिकारिक शुरुआत की.
  • इस कार्यक्रम में कर्नाटक के राज्यपाल श्री थावरचंद गहलोत ने शिरकत की और MANAS मेंटल हेल्थ और डी-एडिक्शन हेल्पलाइन की शुरुआत की गई.
  • अगरतला: 25 जून को त्रिपुरा के मुख्यमंत्री प्रो. (डॉ.) माणिक साहा ने पश्चिम त्रिपुरा जिला प्रशासन और NCB अगरतला ज़ोन द्वारा आयोजित बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई.
  • जयपुर: 26 जून को NCB जयपुर द्वारा आयोजित साइक्लोथॉन में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री अविनाश गहलोत और गृह राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेदम ने भाग लिया और “Say Yes to Life, No to Drugs” का संकल्प लिया.
  • मुंबई: NCB मुंबई और ग्रेटर मुंबई पुलिस द्वारा बांद्रा रिक्लेमेशन बस स्टेशन से साइक्लोथॉन की शुरुआत की गई, जिसे ADG, ATS महाराष्ट्र ने हरी झंडी दिखाई.
  • कोच्चि: 21 जून को पद्म भूषण सम्मानित अभिनेता श्री मोहनलाल ने NCB कोचीन ज़ोन और विश्वासांति फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत की.
  • बेंगलुरु: 22 जून को ओलंपियन प्रमिला ए. अयप्पा और श्री अयप्पा ने ब्रिंदावन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से साइक्लोथॉन को फ्लैग ऑफ किया.

NCB की अपील

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने नागरिकों से अपील की है कि अगर किसी को नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी से संबंधित कोई जानकारी मिले, तो वे राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन MANAS के टोल-फ्री नंबर 1933 पर संपर्क करें. कॉल करने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.

इस पखवाड़ा ने साबित कर दिया है कि ‘नशा मुक्त भारत’ सिर्फ एक सपना नहीं, बल्कि एक साझा संकल्प है — जिसे पूरे देश की भागीदारी से ही साकार किया जा सकता है.

ये भी पढ़ें: दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य प्रोजेक्ट में बड़ा घोटाला, पूर्व स्वास्थ्य मंत्रियों के खिलाफ भ्रष्टाचार का केस दर्ज

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read