Bharat Express DD Free Dish

किला परिसर में आतिशबाजी, चक्काजाम और ‘वोटकटवा’ का आरोप… दतिया की त्रिकोणीय जंग में छिपा है कौन सा सस्पेंस?

Datia By Election: दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने शनिवार की देर रात अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है. पार्टी ने पूर्व विधायक घनश्याम सिंह को अधिकृत प्रत्याशी बनाया है. नाम की घोषणा होते ही दतिया के किला परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया.

Datia By Election

Datia By Election

Datia By Election: दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने शनिवार की देर रात अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है. पार्टी ने पूर्व विधायक घनश्याम सिंह को अधिकृत प्रत्याशी बनाया है. नाम की घोषणा होते ही दतिया के किला परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया. आतिशबाजी की गई, मिठाइयां बांटी गईं और समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए घनश्याम सिंह का स्वागत किया.

प्रत्याशी घोषित होने के बाद घनश्याम सिंह ने सीधे भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यदि भाजपा की ओर से डॉ. नरोत्तम मिश्रा चुनाव मैदान में होते तो मुकाबला कड़ा हो सकता था, लेकिन वर्तमान भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को क्षेत्र की जनता नहीं जानती.

दतिया में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित

उन्होंने दावा किया कि इस बार दतिया में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है. वहीं आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी दामोदर सिंह यादव को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि वे केवल वोट काटने का काम करेंगे.

भाजपा कार्यालय के बाहर टिकट वितरण को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन पर घनश्याम सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में कार्यकर्ताओं को विरोध का अधिकार है, लेकिन वह कानून और मर्यादा के दायरे में होना चाहिए. सड़क जाम और चक्का जाम जैसे कदमों से आम जनता को परेशानी हुई और पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी.

राजकुमारी मांडवी राजने ने किया जनसंपर्क

वहीं घनश्याम सिंह की पुत्री राजकुमारी मांडवी राजे ने कहा कि कांग्रेस पूरे दमखम के साथ डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाएगी. उन्होंने कहा कि पार्टी दतिया के विकास, भ्रष्टाचार और भय के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी तथा कांग्रेस की सरकार बनने पर विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी.

ये भी पढ़ें- अमेरिका ने ईरान के 12 शहरों में 140 ठिकानों पर बरसाए बम, जवाब में तेहरान ने बैलिस्टिक मिसाइलों से किया तगड़ा पलटवार

गौरतलब है कि घनश्याम सिंह वर्ष 1993 और 2003 में कांग्रेस से दतिया के विधायक रह चुके हैं. वर्ष 2008 में डॉ. नरोत्तम मिश्रा से चुनाव हारने के बाद उन्होंने सेवढ़ा विधानसभा का रुख किया और वर्ष 2018 में वहां से विधायक निर्वाचित हुए. अब एक बार फिर कांग्रेस ने उन्हें दतिया उपचुनाव में मैदान में उतारकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read