Bharat Express DD Free Dish

‘हाथ जोड़ना भी आता है और…’, दतिया में दिखा जीतू पटवारी के तीखे तेवर, पुलिस-प्रशासन पर भी उठाया सवाल

दतिया उपचुनाव में सियासी घमासान तेज हो गया है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा पर चुनाव में धनबल और प्रशासन के दुरुपयोग का आरोप लगाया हैं.

रिपोर्ट – मनोज चौबे


दतिया उपचुनाव को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. चुनावी मैदान में कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर बढ़ता जा रहा है. इसी कड़ी में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा पर कई गंभीर आरोप लगाए और प्रशासन को लेकर भी बयान दिया है.

जीतू पटवारी दतिया के रावरी गांव में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लेकर प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अब कांग्रेस पहले जैसी नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ किसी भी तरह की ज्यादती बर्दाश्त नहीं की जाएगी. पटवारी ने अपने अंदाज में कहा कि यह नई कांग्रेस है, जो जरूरत पड़ने पर जवाब देना भी जानती है.

हालांकि, जब बाद में उनके इस बयान को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा कुछ नहीं कहा है. उनके बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है और भाजपा की ओर से भी प्रतिक्रिया आने की संभावना है.

पुलिसकर्मियों के तबादले पर भी उठाया सवाल

दतिया में पुलिस अधिकारियों को हटाए जाने के मुद्दे पर भी जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि उपचुनाव के दौरान पुलिसकर्मियों को बदला जा रहा है क्योंकि भाजपा को अपने ही पुराने समर्थक पुलिसकर्मियों पर भरोसा नहीं है.

पटवारी ने आरोप लगाया कि नए आने वाले पुलिसकर्मी भाजपा के पक्ष में काम कर सकते हैं. उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे मतदान केंद्रों पर पूरी मजबूती के साथ डटे रहें. उन्होंने कहा कि अगर किसी तरह की गड़बड़ी करने की कोशिश होती है तो जनता को उसका विरोध करना चाहिए.

भाजपा पर लगाया पैसे बांटने का आरोप

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर चुनाव में पैसे के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस चुनाव में 25 मंत्रियों को मैदान में उतारा है. पटवारी ने सवाल उठाया कि अगर सरकार का काम अच्छा है और विकास हुआ है तो इतने मंत्रियों को चुनाव में लगाने की जरूरत क्यों पड़ रही है.

उन्होंने दावा किया कि भाजपा चुनाव में करीब 50 करोड़ रुपये लेकर आई है और लोगों को पैसे देकर वोट खरीदने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि अगर कोई पैसे देने आए तो पहले अपने वोट की कीमत समझें.

पटवारी ने ग्रामीणों से यह भी कहा कि अगर कोई 2000 रुपये दे तो उससे पूछें कि 3000 रुपये और कहां हैं. उन्होंने कहा कि यह चुनाव सिर्फ कांग्रेस और भाजपा के बीच नहीं रह गया है, बल्कि एक तरफ सरकार, उसके मंत्री और पूरा तंत्र है, जबकि दूसरी तरफ आम जनता खड़ी है.

सभा के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से कांग्रेस के पक्ष में समर्थन मांगा. ग्रामीणों ने भी जवाब देते हुए उन्हें जीत दिलाने का भरोसा दिया. अब देखना होगा कि दतिया उपचुनाव में जनता किसके पक्ष में फैसला सुनाती है और इन आरोपों का चुनावी नतीजों पर कितना असर पड़ता है.

ये भी पढ़ें-24 घंटे में फिर आर-पार: ‘वादा निभाओ वरना…’, CJP प्रवक्ता सौरव दास ने दिया अल्टीमेटम

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read