Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

धुआं-धुआं होगा दाऊद का गुरूर, मुंबई वाले घर पर चलेगा BMC का बुलडोजर

Dawood Ibrahim House Demolition: मुंबई के भिंडी बाजार में दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी घर को BMC 18 और 19 नवंबर को गिराने जा रही है. करीब 80 साल पुरानी इस इमारत को खतरनाक घोषित किया गया है. कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बंदोबस्त रहेगा.

dawood-ibrahim-ancestral-house-bmc-demolition-bhindi-bazaar

दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी घर पर चलेगा BMC का बुलडोजर

Dawood Ibrahim: मुंबई में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के पुश्तैनी घर पर अब BMC का बुलडोजर चलने जा रहा है. भिंडी बाजार में पाकमोडिया स्ट्रीट और सेकंड कूपर स्ट्रीट पर स्थित करीब 80 साल पुरानी इमारत को 18 और 19 नवंबर को गिराया जाएगा. इस कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी पुलिस बंदोबस्त रहेगा. BMC ने इमारत को बेहद जर्जर और खतरनाक घोषित किया है. बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देश के बाद इसे गिराने का फैसला लिया गया है.

इस इमारत का नाम हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना है. बताया जाता है कि 1986 में भारत छोड़ने से पहले दाऊद इब्राहिम अपने परिवार के साथ इसी इमारत में रहता था. यहां उसका घर और कार्यालय भी था. दावा किया जाता है कि 1993 के मुंबई बम धमाकों की साजिश से जुड़ी गतिविधियां भी इसी घर के परिसर में हुई थीं.

BMC ने जारी किया था नोटिस

BMC के सी वार्ड ने 16 नवंबर 2026 को इस इमारत को सी-1 श्रेणी की अत्यधिक जर्जर और खतरनाक इमारत घोषित किया था. इसके बाद इसे गिराने का नोटिस जारी किया गया. 31 अगस्त 2020 को बॉम्बे हाई कोर्ट की ओर से दिए गए आदेश के तहत ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है.

यह इमारत सेकंड कूपर स्ट्रीट के सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट में भी बाधा बन रही है. ऐसे में BMC ने इसे हटाने की तैयारी कर ली है.

वक्फ बोर्ड की संपत्ति होने का दावा

इमारत को गिराने की कार्रवाई को लेकर स्थानीय निवासियों और प्रशासन के बीच विवाद भी सामने आया है. कुछ लोगों और ट्रस्ट का दावा है कि यह वक्फ बोर्ड की संपत्ति है. उनका कहना है कि वक्फ ट्रिब्यूनल ने इमारत को गिराने पर रोक लगाई है.

लोगों ने BMC पर आरोप लगाया है कि नियम के मुताबिक 15 दिनों का नोटिस देने के बजाय सिर्फ 24 घंटे का नोटिस दिया गया. हालांकि, इन आपत्तियों के बीच BMC ने ध्वस्तीकरण की तैयारी जारी रखी है.

प्रार्थना कक्ष को लेकर क्या है तैयारी?

इमारत लगभग खाली हो चुकी है, लेकिन ग्राउंड फ्लोर पर बने प्रार्थना कक्ष का इस्तेमाल अब भी किया जाता है. सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट ने इसके लिए दो विकल्प दिए हैं. पहला, अन-नस्र टॉवर में अस्थायी जगह उपलब्ध कराना और दूसरा, नई जगह किराए पर लेने के लिए आर्थिक मुआवजा देना.

BMC ने धार्मिक पुस्तकों, कुरान और प्रार्थना कक्ष में रखी दूसरी चीजों को सम्मान के साथ सुरक्षित बाहर निकालने का निर्देश दिया है.

भिंडी बाजार नाम कैसे पड़ा?

मुंबई के भिंडी बाजार का नाम भिंडी की सब्जी से नहीं जुड़ा है. इसके नाम को लेकर दो मान्यताएं प्रचलित हैं. पहली मान्यता के मुताबिक, ब्रिटिश दौर में इस इलाके को ‘बिहाइंड द बाजार’ कहा जाता था. समय के साथ इसका नाम बदलकर भेंडी बाजार हो गया.

ये भी पढ़ें- कुलगाम एनकाउंटर में लश्कर कमांडर लतीफ भट ढेर, मस्जिद में छिपा था CRPF हमले का मास्टरमाइंड

दूसरी मान्यता के अनुसार, इस इलाके में पहले कुम्हारों की बस्ती हुआ करती थी. मराठी में मिट्टी के बर्तनों को ‘भांडी’ कहा जाता है. इसी वजह से इस इलाके का नाम भांडी बाजार पड़ा, जो बाद में भेंडी बाजार के नाम से मशहूर हो गया.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism