सौरभ भारद्वाज बीजेपी पर आरोप
Delhi AQI Manipulate: देश की राजधानी दिल्ली में सांस लेना भी हर दिन एक चुनौती बन रहा है. वहां अब प्रदूषण के आंकड़ों को लेकर भी सबसे बड़ा सियासी तूफान खड़ा हो गया है. आम आदमी पार्टी (आप) ने एक सनसनीखेज आरोप लगाया है. इसके साथ ही ‘आप’ दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक वीडियो जारी किया है. टैंकरों का वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली की सियासत में भूचाल आ गया है. हालांकि, बीजेपी की ओर से उनके आरोपों पर पलटवार भी किया गया है.
सौरभ भारद्वाज ने वीडियो जारी कर दावा किया है कि भाजपा सरकार प्रदूषण निगरानी केंद्र पर AQI रीडिंग को कृत्रिम रूप से कम करने के लिए दिन-रात पानी का छिड़काव करवा रही है. भाजपा ने इस आरोप को मूर्खतापूर्ण और राजनीति से प्रेरित बताया है.
जारी किया गया वीडियो (Delhi Tanker Video)
आनंद विहार आईएसबीटी का वीडियो जारी कर सौरभ भारद्वाज द्वारा गंभीर आरोप लगाए हैं. वीडियो में एमसीडी के टैंकरों को सेंसर के आसपास पानी बरसाते हुए दिखाया गया है. भारद्वाज ने इसे प्रदूषण नियंत्रण नहीं, बल्कि डेटा प्रबंधन बताते हुए कहा कि जिस तरह से आंकड़ों में हेरफेर किया जा रहा है, वह लोकतंत्र और जनता के स्वास्थ्य दोनों के साथ खिलवाड़ है. वीडियो पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा-
भाजपा सरकार प्रदूषण के आंकड़ों में धोखाधड़ी. प्रदूषण और AQI रीडिंग कम करने के लिए दिल्ली प्रदूषण निगरानी केंद्र पर दिन-रात पानी का छिड़काव किया जा रहा है. ये वही लोग हैं जो कहते हैं कि ईवीएम में कोई बेईमानी नहीं है. जब वे हर चीज में बेईमानी करते हैं, तो उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है?
View this post on Instagram
प्रदूषण के आंकड़ों से खेल
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि एमसीडी के ट्रक स्टेशन के चारों ओर चक्कर लगा रहे थे और प्रदूषण के आंकड़ों को वास्तविकता से कम दिखाने के लिए लगातार पानी का छिड़काव कर रहे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि चोरी रंगे हाथों पकड़ी गई, इसलिए ट्रक भाग गए. उन्होंने आगे दावा किया कि जो लोग इस बड़े घोटाले को अंजाम दे रहे हैं, वे वही भाजपा के लोग हैं जो अब दिल्ली सरकार, एमसीडी और केंद्र सरकार में पदों पर आसीन हैं. इसमें भारी मात्रा में पेट्रोल और पानी बर्बाद किया जा रहा है. वो भी प्रदूषण कम करने के लिए नहीं, बल्कि सिर्फ प्रदूषण के आंकड़े कम दिखाने के लिए.
ये भी पढ़ें: मतदान से पहले ‘गद्दारी’! चिराग पासवान ने मुस्लिम लीडर को किया पार्टी से बाहर; क्यों लिया फैसला?
पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आप विधायक संजीव झा ने भी भाजपा पर निशाना साधा है. सिसोदिया ने कहा कि हवा को प्रदूषित करो, आंकड़ों को कम करो, सच को पानी से छिपाओ और झूठ को मेकअप से ढक दो. यही भाजपा का प्रदूषण नियंत्रण मॉडल है. संजीव झा ने कहा कि दिल्ली के प्रदूषण को ‘कम’ करने के लिए, भाजपा सरकार ने एक नई तकनीक निकाली है. हवा साफ करने के बजाय आंकड़ों को धोना.
बीजेपी ने दिया जवाब
तमाम आरोपों के बीच पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इन दावों को मूर्खतापूर्ण और राजनीति से प्रेरित बताया है. सिरसा ने आप नेताओं के बारे में कहा, “वे सबसे बड़े झूठे हैं. खैर इस वीडियो ने दिल्ली सरकार (Delhi Govt) और प्रशासन को कठघरे में खड़ा कर दिया है. वीडियो कितनी सच्ची है यह तो हमें नहीं पता लेकिन सियासी गलियों के साथ इसने सोशल मीडियो में भी भूचाल ला दिया है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




