Delhi Airport Fog: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) पर सोमवार को घने कोहरे और जीरो विजिबिलिटी ने हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित कर दिया. सुबह से ही रनवे पर विजिबिलिटी बेहद कम रही, जिसके चलते उड़ानों का संचालन बाधित हुआ. नतीजा यह हुआ कि दिनभर में कुल 228 फ्लाइट्स को रद्द करना पड़ा, जबकि कई उड़ानों को अन्य हवाई अड्डों पर डायवर्ट किया गया.
एयरपोर्ट प्रशासन का क्या कहना है?
एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि कोहरे का असर सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं रहा बल्कि उत्तरी भारत के कई हवाई अड्डों पर भी इसका असर देखने को मिला. दोपहर करीब 2 बजे विजिबिलिटी में थोड़ी सुधार की जानकारी दी गई थी लेकिन सुबह के घने कोहरे ने पूरे दिन का शेड्यूल बिगाड़ दिया. शाम 4 बजे जारी बयान में कहा गया कि संचालन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है, हालांकि कुछ फ्लाइट्स में देरी अभी भी जारी रह सकती है.
228 उड़ानें रद्द और 5 डायवर्ट
ताजा अपडेट के मुताबिक, अब तक 228 उड़ानें रद्द की गई हैं, जिनमें 131 प्रस्थान और 97 आगमन वाली फ्लाइट्स शामिल हैं. इसके अलावा 5 उड़ानों को अन्य हवाई अड्डों पर डायवर्ट करना पड़ा. इससे पहले सुबह एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया था कि 68 उड़ानें रद्द हुई थीं और 5 डायवर्ट की गई थीं.
मंत्रालय की समीक्षा
इस बीच नागरिक उड्डयन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने एयरपोर्ट ऑपरेशंस कंट्रोल सेंटर का दौरा किया और रियल-टाइम संचालन की समीक्षा की. मंत्रालय और एयरलाइंस ने साफ किया कि कोहरे जैसी स्थितियों में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसी वजह से कई उड़ानों का पुनर्निर्धारण किया गया है और संचालन को पूरी तरह सामान्य करने में समय लग रहा है.
इंडिगो की एडवाइजरी
एयरलाइन इंडिगो ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है. कंपनी ने कहा कि दिल्ली समेत उत्तरी भारत के एयरपोर्ट्स पर घना कोहरा विजिबिलिटी को प्रभावित कर रहा है, जिससे शेड्यूल में बदलाव और देरी हो रही है. इंडिगो ने बताया कि प्रभावित यात्रियों को WhatsApp और ईमेल के जरिए पहले ही जानकारी दी जा रही है. साथ ही यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरलाइन की वेबसाइट या ऐप पर जाकर अपनी उड़ानों की स्थिति जांचें और जरूरत पड़ने पर रिफंड या रीबुकिंग का विकल्प चुनें. एयरलाइन की टीमें विजिबिलिटी की स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं ताकि सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया जा सके.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

