Bharat Express DD Free Dish

Delhi Blast को मोदी सरकार ने माना आतंकी घटना, धमाके में जान गंवाने वाले लोगों को कैबिनेट मीटिंग में दी गई श्रद्धांजलि

लाल किले के पास हुए कार धमाके (Delhi Blast) को मोदी सरकार ने आतंकी वारदात बताया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में इस घटना पर शोक जताया गया और पीड़ितों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा गया. सरकार ने आतंकवाद की कड़ी निंदा की और जांच एजेंसियों को जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए.

Delhi-Red-Fort-blast-Modi-government-declares-it-a-terror-attack-
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Delhi Blast News: दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार को हुए कार धमाके को केंद्र सरकार ने आतंकी हमला माना है. सरकार ने इसे जघन्य अपराध बताते हुए कहा कि इस मामले की तेजी से जांच की जाएगी और दोषियों को जल्द सज़ा दी जाएगी. बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें इस विस्फोट पर शोक जताया गया. इस बैठक के बाद पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने इस मामले पर अलग से समीक्षा बैठक भी की.

मृतकों के लिए 2 मिनट का मौन

बैठक में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रस्ताव पढ़ते हुए कहा कि 10 नवंबर को लाल किले के पास देशविरोधी ताकतों ने कार में धमाका कर आतंकी वारदात को अंजाम दिया. कैबिनेट ने पीड़ित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की. साथ ही, मेडिकल टीमों की तत्परता की भी सराहना की गई जिन्होंने घायलों को तुरंत मदद पहुंचाई. मंत्रिमंडल ने हमले में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना प्रकट की और उनकी याद में दो मिनट का मौन रखा.

आतंकवाद की कड़ी निंदा

कैबिनेट ने कहा कि यह हमला कायराना और घिनौना है और भारत आतंकवाद के हर रूप की कड़ी निंदा करता है. सरकार ने उन विदेशी देशों का भी आभार जताया, जिन्होंने इस कठिन समय में भारत के साथ एकजुटता दिखाई. कैबिनेट ने सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साहस और तत्परता की प्रशंसा की. साथ ही जांच एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे तेजी और पेशेवर तरीके से जांच पूरी करें.

सरकार ने कहा कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह संकल्पबद्ध है और हालात पर लगातार नजर रखी है. बता दें कि सोमवार शाम लाल किले के पास एक कार में धमाका हुआ था. इस घटना में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read