Delhi Airport Drug Bust: देश की राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर कस्टम विभाग ने तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. कस्टम्स की मुस्तैदी के चलते करीब 43 करोड़ रुपये से ज्यादा की कीमत का मादक पदार्थ और सिगरेट की खेप पकड़ी गई है. इस मामले में बैंकॉक से आए चार भारतीय यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है.
ग्रीन चैनल पर हुई कार्रवाई (Delhi Customs Bust)
घटना 6 जनवरी 2026 की है. बैंकॉक से दिल्ली पहुंची दो फ्लाइट्स (संख्या TG-315 और TG-331) से उतरे चार यात्रियों पर कस्टम अधिकारियों को शक हुआ. ये यात्री ग्रीन चैनल पार करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अधिकारियों ने ‘स्पॉट प्रोफाइलिंग’ के आधार पर उन्हें रोक लिया. जब इनके ट्रॉली बैग्स की एक्स-रे जांच की गई, तो उसमें संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं.
बैग खुलते ही निकला 43 किलो गांजा (Delhi Airport Drug Seizure)
अधिकारियों ने जब बैग्स की गहन तलाशी ली तो उनके होश उड़ गए. बैग्स के अंदर से 36 पॉलीथिन पाउच बरामद हुए, जिनमें हरे रंग का पदार्थ भरा था. डायग्नोस्टिक टेस्ट में इसके उच्च गुणवत्ता वाला गांजा (मारिजुआना) होने की पुष्टि हुई है. बरामद गांजे का कुल शुद्ध वजन 43.135 किलोग्राम है. इसके अलावा, तस्करों के पास से गोल्ड फ्लेक सिगरेट के 76 डंडे भी बरामद किए गए हैं.
ये भी पढ़ें: खतरे की घंटी! वेनेजुएला के बाद पड़ोसी की बारी, डोनाल्ड ट्रंप का ‘लैंड स्ट्राइक’ प्लान तैयार
43 करोड़ है अंतरराष्ट्रीय कीमत (Smuggling from Bangkok To Delhi)
जब्त किए गए नशीले पदार्थ और सिगरेट की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कुल कीमत करीब 43.15 करोड़ रुपये आंकी गई है. कस्टम्स अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 8 का उल्लंघन किया है. इस अपराध में धारा 20, 23 और 29 भी लागू होती हैं. कार्रवाई करते हुए 7 जनवरी 2026 को चारों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 43(बी) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है. फिलहाल विभाग इस सिंडिकेट के अन्य तारों को खंगालने में जुटा है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



