Bharat Express DD Free Dish

Delhi: डिप्‍टी CM परवेश वर्मा बोले- दिल्ली में सीवर की होगी अब रोबोटिक सफाई, अत्याधुनिक मशीन मुंबई से मंगवाई

Yamuna Cleaning: दिल्ली में सीवर सफाई के लिए मुंबई से अत्याधुनिक रोबोटिक मशीन मंगाई गई. ट्रायल सफल रहा, जिससे बारिश के समय जलभराव की समस्या के समाधान की उम्मीद बढ़ी.

Deputy CM Pravesh Verma
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Delhi Sewer Cleaning: दिल्ली में भाजपा सरकार के आने के बाद यमुना की सफाई और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है. सीवर की बेहतर सफाई के लिए मुंबई से एक अत्याधुनिक मशीन ट्रायल के लिए मंगाई गई है. डिप्‍टी CM प्रवेश वर्मा की मौजूदगी में रविवार को इसका ट्रायल हुआ.

दिल्ली सरकार ने सीवर की सफाई के लिए मुंबई से एक मशीन मंगवाई है. इस मशीन से अत्याधुनिक तरीके से सफाई होगी और किसी भी व्यक्ति को सीवर में उतरना नहीं पड़ेगा. सीवर में जमी गाद इस मशीन से आसानी से निकल जाएगी.

जल भराव जैसी समस्या से मिलेगी जल्‍द निजात

डिप्‍टी CM प्रवेश वर्मा ने इस मशीन का ट्रायल करवाया और कहा कि दिल्ली में बारिश के समय जल भराव जैसी समस्या से जल्द ही निजात मिल जाएगी.

parvesh verma deputy cm

डिप्‍टी CM ने कहा, “दिल्ली में नालों और सीवर लाइनों से गाद निकालने का काम नहीं हुआ था. ऐसा नहीं है कि पिछले एक-दो साल, बल्कि पिछले 10-20 साल से यह काम नहीं हुआ. इसलिए जब भी बारिश होती थी, सभी नाले भर जाते थे और सड़क पर पानी आ जाता था. पानी लोगों के घरों में घुस जाता था. इसलिए, हमने यह बड़ी मशीन मंगाई और कोशिश है कि हर विधानसभा में एक मशीन हो, ताकि सारे सीवरों की सफाई अच्छे से पूरी हो सके.”

अब मानसून में कहीं पर भी जलभराव न होगा

डिप्‍टी CM ने बताया, “सीसीटीवी कैमरों से हम यह सुनिश्चित करेंगे कि 100 प्रतिशत सीवर की सफाई पूरी हो चुकी है या नहीं. हमारी यह कोशिश है कि मानसून में कहीं पर भी जलभराव न हो, इसके लिए हम लगातार प्रयासरत हैं.”

मुंबई से मंगाई गई मशीन के संदर्भ में उन्होंने कहा, “मुंबई से मंगाई गई अत्याधुनिक मशीन की पाइप काफी अंदर तक चली जाती है. हमारी कोशिश है कि किसी भी मजदूर को सीवर में न उतरना पड़े. इसके लिए यदि कोई भी अत्याधुनिक मशीन हमें मंगवानी पड़े, तो हम उसे लेंगे. यह मशीन पहले से मुंबई में चल रही है और फिर गुजरात में भी चल रही है. आज यह मशीन हमारे दिल्ली में एक ट्रायल डेमोंस्ट्रेशन के लिए मुंबई से आई है.”



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read