Delhi Judge Suicide:दक्षिणी दिल्ली के ग्रीन पार्क क्षेत्र में शनिवार को एक न्यायिक अधिकारी की मौत से हड़कंप मच गया. 30 वर्षीय अमन कुमार शर्मा, जो कड़कड़डूमा कोर्ट स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में सचिव पद पर कार्यरत थे, अपने आवास में मृत अवस्था में मिले. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्होंने कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जान दी.
जज का शव बाथरूम में मिला
सफदरजंग एन्क्लेव थाना पुलिस को डीडी नंबर 34 के जरिए एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसके बाद टीम तुरंत ग्रीन पार्क मेन स्थित यू-4ए, मकान पर पहुंची. वहां जांच के दौरान पुलिस को अमन कुमार शर्मा का शव उनके घर के बाथरूम में मिला. स्थिति को देखते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
पुलिस चांज में जुटी
मामले की जानकारी सबसे पहले मृतक के जीजा शिवम ने पुलिस को दी, जो डिफेंस कॉलोनी क्षेत्र में रहते हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंच गए.
प्रारंभिक जांच में किसी बाहरी साजिश या हस्तक्षेप के संकेत नहीं मिले हैं. हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है. आत्महत्या के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है, जिसके लिए पुलिस परिजनों, मित्रों और सहकर्मियों से लगातार पूछताछ कर रही है.
अक्टूबर 2025 से कड़कड़डूमा कोर्ट में कार्यरत थे
अमन कुमार शर्मा ने 19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा में अपना करियर शुरू किया था. उन्होंने 2018 में पुणे स्थित सिम्बायोसिस लॉ स्कूल से कानून की पढ़ाई पूरी की थी. इसके बाद उन्होंने विभिन्न अदालतों में काम करते हुए आपराधिक और दीवानी मामलों की सुनवाई से जुड़ी जिम्मेदारियां निभाईं.
ये भी पढ़ें: पलक झपकते ही बिछ गई लाशें! धनबाद में कोयले की गाद में दफन हुई मजदूरों की जिंदगी, 4 शव बरामद, कई अब भी दबे
अक्टूबर 2025 में उनकी तैनाती कड़कड़डूमा कोर्ट में हुई थी, जहां उन्हें उत्तर-पूर्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में पूर्णकालिक सचिव की जिम्मेदारी दी गई थी. इस पद पर वे प्रशासनिक और कानूनी कामकाज को संभाल रहे थे. उनकी अचानक मृत्यु से परिवार के साथ-साथ न्यायिक विभाग से जुड़े लोग भी गहरे दुख में हैं. पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

