Dhanbad Coal Slurry Accident
Dhanbad Coal Slurry Accident: झारखंड के धनबाद में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया. यहां भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के मुनीडीह कोल वाशरी में कोयले की स्लरी (कोल पाउडर मिश्रित गाद) गिरने से 4 मजदूरों की मौत हो गई. वहीं कई मजदूरों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका है. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया.
जानकारी के मुताबिक मुनीडीह ओपी क्षेत्र में BCCL के कोल वाशरी परियोजना में काम चल रहा था. मजदूर ट्रकों में स्लरी लोड कर रहे थे. तभी अचानक भारी मात्रा में स्लरी मजदूरों के ऊपर आ गिरी. हादसा इतना अचानक हुआ कि मजदूर खुद को संभाल भी नहीं पाये और उसकी चपेट में आ गए.
कुछ ही सेकेंड में मजदूर दब गए
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्लरी इतनी तेजी से गिरा कि मजदूर कुछ ही सेकेंड में उसके नीचे आ गए और दब गए. आशंका जताई जा रही है कि वहां कई और मजदूर अभी भी दबे हो सकते हैं. घटना के बाद मजदूरों ने तुरंत मामले की सूचना प्रशासन को दी और खुद ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया.
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस, सीआईएसएफ, BCCL के अधिकारी मौके पर आ पहुंचे और बचाव अभियान के लिए मशीनों को लाया गया. जिसके बाद मलबा हटाने का काम जोरों-शोरों से शुरू कर दिया गया. इलाके के लोग भी राहत काम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. कई घंटों तक चले ऑपरेशन के बाद 4 मजदूरों के शव को बरामद कर लिया गया. हालांकि अभी भी वहां कई मजदूरों के दबे होने की आशंका है.
युद्ध स्तर पर चल रहा बचाव कार्य
प्रशासन ने मीडिया को दी जानकारी में बताया कि राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है. मलबे और स्लरी को हटाकर लोगों की तलाश की जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक पहली प्राथमिकता सभी को सुरक्षित बाहर निकालना है.
हादसे की सूचना मिलते ही मजदूरों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए. उनका रो-रोकर बुरा हाल है. सभी अपने परिजनों के लिए दुआ कर रहे हैं.
कोयला खदानों में सुरक्षा पर संकट
इस घटना ने एक बार फिर कोयला खदानों में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं. मजदूर संगठनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां पर सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जाती रही है, यह हादसा उसी वजह से हुआ है.
ये भी पढ़ें- ‘मेरे सामने लोग डूब रहे थे और मैं बेबस था’, क्रूज पायलट महेश पटेल ने सुनाई बरगी डैम हादसे की खौफनाक दास्तां
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. BCCL प्रबंधन ने भी जांच की बात कही है. हालांकि मृतकों के परिजनों को मुआवजा सहित अन्य मांगों की जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



