Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली के करोल बाग में डबल डेकर बस हादसा, 2 की मौत, कई घायल

Delhi News: दिल्ली के करोल बाग इलाके में देर रात झंडेवालां हनुमान मंदिर के पास यात्रियों से भरी डबल डेकर बस पलट गई. हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

Delhi News: राजधानी दिल्ली के करोल बाग इलाके में मंगलवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हुआ. झंडेवालां हनुमान मंदिर के पास यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस अचानक पलट गई. इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. दमकल विभाग को रात करीब 1 बजकर 8 मिनट पर हादसे की सूचना मिली थी. जानकारी के अनुसार, राजस्थान से आई यह बस मंदिर चौक के पास मेट्रो लाइन के नीचे पहुंचते ही संतुलन खो बैठी और पलट गई.

हादसे के वक्त का मंजर

बस में करीब 25 लोग सवार थे. जैसे ही बस पलटी, यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोग और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार को माना जा रहा है.

चश्मदीदों का क्या कहना है?

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस बहुत तेज गति में थी और मोड़ पर चालक नियंत्रण नहीं रख पाया. इसी कारण बस बेकाबू होकर पलट गई. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से बस को सीधा किया और दबे हुए यात्रियों को बाहर निकाला.

अस्पताल में इलाज जारी

घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें से दो की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है. मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और परिजनों को सूचना दे दी गई है. पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसा केवल चालक की लापरवाही से हुआ या बस में कोई तकनीकी खराबी भी थी.

ये भी पढ़ें-ट्रंप-पीएम मोदी ने फोन पर की बातचीत, मिडिल ईस्ट संकट और ऊर्जा सुरक्षा पर जोर

पुलिस ने की अपील

दिल्ली पुलिस ने इस घटना के बाद वाहन चालकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि रात में सड़कें खाली होने पर कई चालक तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हैं, जो जानलेवा साबित होता है. उन्होंने कहा कि तय सीमा के भीतर ही वाहन चलाएं ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read