Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली मास्टर प्लान को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अहम बैठक, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री आशीष सूद मौजूद

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में दिल्ली मास्टर प्लान 2041 को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य मंत्रियों ने दिल्ली के भविष्य को लेकर सुझाव दिए.

दिल्ली के विकास को नई दिशा देने के मकसद से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में उत्तर ब्लॉक स्थित कार्यालय में दिल्ली मास्टर प्लान पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद भी मौजूद रहे.

 पर्यावरण और बुनियादी ढांचे पर हुई चर्चा

बैठक का उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी के मास्टर प्लान से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करना और दिल्ली के बुनियादी ढांचे, शहरी विकास, यातायात प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संभावित कदमों पर सहमति बनाना रहा. माना जा रहा है कि इस बैठक में मास्टर प्लान 2041 के विभिन्न प्रस्तावों और चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया.

केंद्र और राज्य सरकार में बेहतर तालमेल पर सहमति

सूत्रों के मुताबिक, गृहमंत्री अमित शाह ने बैठक में दिल्ली के सर्वांगीण विकास के लिए सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और तेज़ी से काम करने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी राजधानी के लोगों की ज़रूरतों और मौजूदा चुनौतियों को सामने रखते हुए मास्टर प्लान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव रखे.

बैठक के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि दिल्ली मास्टर प्लान को जल्द ही अंतिम रूप देकर लागू करने की दिशा में तेज़ी से कदम बढ़ाए जाएंगे, ताकि दिल्ली के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं और आधुनिक ढांचा मुहैया कराया जा सके.


ये भी पढ़े: Uttar Pradesh: 7 दिन में 18,348 नवजातों को दिया गया Green Gold Certificate, जानें क्या है इस पहल का उद्देश्य


भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read