Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 में युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, सुबह-सुबह मचा हड़कंप

Mayur Vihar murder: दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 में युवक की पीट-पीटकर हत्या से सनसनी फैल गई. न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

Delhi Mayur Vihar murder

दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 में युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी

Delhi Mayur Vihar murder: दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 इलाके में रविवार सुबह एक युवक की हत्या से सनसनी फैल गई. न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि युवक को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

बताया जा रहा है कि वारदात सुबह करीब पांच बजे हुई. सुबह के समय हुई इस घटना की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुटने लगी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और हत्या से जुड़े सुराग जुटाने शुरू कर दिए हैं. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस उसकी पहचान करने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि हमले के पीछे कौन लोग थे और वारदात की वजह क्या थी.

पुलिस खंगाल रही है आसपास का इलाका

जांच के दौरान पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि घटना से पहले और बाद की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिल सके. साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक वहां कैसे पहुंचा और क्या हमलावर उसे पहले से जानते थे. मामले में अभी पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.

कुछ दिन पहले नांगलोई में हुई थी हत्या

दिल्ली में हाल के दिनों में सामने आई हिंसक घटनाओं ने एक बार फिर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं. इससे पहले नांगलोई इलाके में स्कूल जा रहे 15 वर्षीय छात्र पर चाकू से हमला कर दिया गया था. गंभीर रूप से घायल छात्र की मौत हो गई थी.

जानकारी के मुताबिक, छात्र ने कुछ युवकों को एक लड़की के साथ छेड़छाड़ करने से रोकने की कोशिश की थी. इसी बात को लेकर उस पर हमला किए जाने की बात सामने आई थी. मयूर विहार की ताजा घटना के बाद पुलिस के सामने अब युवक की पहचान और हत्या की वजह पता लगाने की चुनौती है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read