Ramgarh Road Accident: खुशियों का सफर पलभर में चीख-पुकार और मातम में बदल गया. झारखंड के रामगढ़ जिले में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है. यह भयावह हादसा कुज्जू ओपी क्षेत्र के पैंकी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (NH-33) पर रात करीब 1:30 बजे हुआ.
जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो सवार सभी लोग बिहार के नालंदा जिले से रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे; मृतकों में 4 बच्चे, 4 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं.
रजरप्पा दर्शन करने जा रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि हादसे (Ramgarh Road Accident) का शिकार हुए लोग नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के जंघरों गांव के रहने वाले थे. गांव निवासी विवेक कुमार (जो एक निजी स्कूल चलाते हैं) की पत्नी को शिक्षक पद पर नौकरी मिली थी, और इसी खुशी में पूरा परिवार रजरप्पा मंदिर दर्शन के लिए निकला था. चालक को छोड़कर स्कॉर्पियो में सवार बाकी सभी लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं. पैंकी के पास उनकी स्कॉर्पियो की एक अज्ञात वाहन से जोरदार भिड़ंत हो गई.
टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर पहुंची कुज्जू ओपी पुलिस ने घायलों को तुरंत रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक शख्स को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
24 घंटे के भीतर इलाके में दूसरा बड़ा हादसा
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक (SP) समेत वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौके (Ramgarh Road Accident) पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और बिहार से परिजनों के पहुंचने का इंतजार हो रहा है.
चौंकाने वाली बात यह है कि शनिवार देर शाम भी इसी पैंकी इलाके में कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार पिता और पुत्री की मौत हो गई थी, जिसके बाद NH-33 पर घंटों जाम लगा था. महज कुछ ही घंटों बाद उसी मार्ग पर हुए इस महाहादसे ने हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी का दिसंबर में कनाडा दौरा: ट्रेड डील (CEPA) और डिफेंस कोऑपरेशन पर बड़ा फोकस
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



