रक्षाबंधन से एक दिन पहले Delhi Metro ने ऐसा रिकॉर्ड बना दिया, जो अब तक कभी नहीं हुआ था. 8 अगस्त 2025 को, यानी राखी से ठीक पहले वाले दिन, मेट्रो में सफर करने वालों की संख्या 81.87 लाख तक पहुंच गई. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के मुताबिक, यह अब तक की सबसे बड़ी डेली राइडरशिप है.
DMRC को चलानी पड़ीं अतिरिक्त ट्रेनें
त्योहार का मौसम हो और लोग अपने घर-परिवार से मिलने जा रहे हों, तो भीड़ बढ़ना तो तय है. ठीक यही हुआ राखी से पहले. DMRC को अंदाजा था कि ट्रैफिक और भीड़ ज्यादा होगी, इसलिए 8 अगस्त को ही 92 अतिरिक्त ट्रिप चलाई गईं. अगले दिन, यानी (9 अगस्त) रक्षाबंधन पर, यह संख्या और बढ़ाकर 455 अतिरिक्त ट्रिप कर दी गई.
भीड़ संभालने के लिए खास इंतजाम
भीड़भाड़ के बीच मेट्रो की पंक्चुअलिटी और आराम बरकरार रखने के लिए DMRC ने खास प्लान बनाया था. कैरिंग कैपेसिटी बढ़ाई गई, स्टेशनों पर भीड़ मैनेज करने के लिए स्टाफ की तैनाती बढ़ी और यात्रियों के लिए सफर को आसान बनाने पर फोकस रखा गया.
एक अधिकारी के मुताबिक, यह रिकॉर्ड इस बात का सबूत है कि दिल्ली-एनसीआर के लोग मेट्रो को एक भरोसेमंद, समय पर और बिना झंझट के सफर का जरिया मानते हैं.
पुराना रिकॉर्ड पीछे छूटा
इससे पहले 18 नवंबर 2024 को मेट्रो में 78.67 लाख यात्राएं दर्ज हुई थीं, जो अब इतिहास बन गईं. 20 अगस्त 2024 को 77.48 लाख और 13 फरवरी 2024 को 71.09 लाख यात्रियों का आंकड़ा था, लेकिन इस बार राखी से पहले की भीड़ ने सब रिकॉर्ड तोड़ दिए.
त्योहारी सीजन में लोग ट्रैफिक जाम से बचने के लिए मेट्रो को चुनते हैं. 9 अगस्त को भी दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर लंबा जाम था, लेकिन मेट्रो ने लोगों को समय पर गंतव्य तक पहुंचाया.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

