26 जनवरी का दिन हर भारतीय के लिए गर्व और जोश से भरा होता है. इस साल भी गणतंत्र दिवस को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं. हर तरफ तिरंगा लहराने को तैयार है और हवाओं में देशभक्ति के गीतों की गूंज सुनाई देने लगी है. अगर आप भी इस साल दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होने वाली शानदार परेड और झांकियों का दीदार करने की सोच रहे हैं, तो आपके लिए एक बहुत अच्छी खबर है.
दिल्ली मेट्रो (DMRC) ने आपकी राह आसान करने के लिए कमर कस ली है. ऐसे मौकों पर सबसे बड़ी चिंता यह होती है कि सुबह-सुबह कार्यक्रम स्थल तक समय पर कैसे पहुंचा जाए. ट्रैफिक और सुरक्षा के बीच अपनी गाड़ी ले जाना भी किसी चुनौती से कम नहीं होता है. इसी समस्या का हल निकालते हुए दिल्ली मेट्रो ने अपनी टाइमिंग में बड़ा बदलाव किया है.
3 बजे से शुरू होगी दिल्ली मेट्रो
गणतंत्र दिवस यानी सोमवार, 26 जनवरी 2026 को दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सभी लाइनों पर 3:00 बजे से ही शुरू हो जाएंगी. आमतौर पर मेट्रो इतनी जल्दी नहीं चलती, लेकिन परेड देखने जाने वाली भीड़ और लोगों के उत्साह को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. इससे उन लोगों को सबसे ज्यादा फायदा होगा जो दिल्ली-एनसीआर के दूरदराज इलाकों से कर्तव्य पथ पहुंचने की प्लानिंग कर रहे हैं.
गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली मेट्रो सेवाएं प्रातः 3:00 बजे से प्रारंभ होंगी
गणतंत्र दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर जब पूरा राष्ट्र, पूर्ण उत्साह के साथ आयोजनों में शामिल होगा, दिल्ली मेट्रो 26 जनवरी 2026 (सोमवार) को अपनी सभी लाइनों पर प्रातः 3:00 बजे से अपनी सेवाएं प्रारंभ करेगी।…
— Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) January 23, 2026
क्या रहेगा मेट्रो का शेड्यूल?
मेट्रो प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ खास इंतजाम किया हैं:
- सुबह 3:00 से 6:00 बजे तक: ट्रेनें हर 15 मिनट के अंतराल पर चलेंगी. यानी आपको प्लेटफॉर्म पर ज्यादा देर इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
- सुबह 6:00 बजे के बाद: मेट्रो अपनी सामान्य समय सारणी (रेगुलर शेड्यूल) के हिसाब से दौड़ेगी, जैसे रोज चलती है.
DMRC ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा का प्लान थोड़ा पहले से बनाकर रखें ताकि अंतिम समय में किसी तरह की अफरा-तफरी न हो. शुरुआती घंटों में मेट्रो पकड़ना आपके लिए ज्यादा आरामदायक रहेगा.
पार्किंग की भी टेंशन खत्म
अक्सर बड़े आयोजनों के दिन सुरक्षा कारणों से मेट्रो स्टेशनों पर पार्किंग बंद कर दी जाती है, जिससे लोग परेशान होते हैं. लेकिन इस बार ऐसा नहीं है. गणतंत्र दिवस पर मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों पर पार्किंग की सुविधा पूरी तरह खुली रहेगी. आप बिना किसी चिंता के अपनी गाड़ी स्टेशन पर पार्क कर मेट्रो से परेड देखने जा सकते हैं.
ये भी पढ़ें: शिमला में सीजन की पहली बर्फबारी; चांदी जैसी चमकी पहाड़ों की रानी, पर्यटकों की मौज लेकिन सड़कों पर बढ़ा संकट
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

