Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली में मुहर्रम को लेकर हाई अलर्ट: ड्रोन और फेस रिकग्निशन कैमरों से होगी निगरानी, सड़कों पर उतरेंगे हजारों जवान

Delhi Muharram Alert: दिल्ली में मुहर्रम के जुलूस को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं. शुक्रवार दोपहर 3 बजे निकलने वाले ताजिया जुलूसों की सुरक्षा के लिए अकेले नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में 3 हजार जवान तैनात किए गए हैं. ड्रोन और फेस रिकग्निशन कैमरों से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी.

Delhi Muharram Procession Security Force

Delhi Muharram Alert: देश की राजधानी दिल्ली में मुहर्रम के मौके पर निकलने वाले ताजिया जुलूसों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर कड़ा पहरा लगा दिया है.

शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे से मुहर्रम के मुख्य जुलूस निकलने शुरू होंगे. सुरक्षा इतनी हाईटेक है कि जुलूस के पूरे रास्तों पर तीसरी आंख यानी ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाएगी, वहीं संदिग्धों की तुरंत पहचान के लिए पहली बार ‘फेस रिकग्निशन’ तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है.

नॉर्थ ईस्ट दिल्ली अभेद्य किला

दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों में हजारों की संख्या में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है. सबसे ज्यादा सतर्कता नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में बरती जा रही है, जहां अकेले 3,000 से ज्यादा जवानों को मुस्तैद किया गया है.

इसके अलावा 40 से ज्यादा इंस्पेक्टर और 100 से अधिक मोटरसाइकिल सवार पुलिसकर्मी लगातार सड़कों पर गश्त करेंगे. किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए दंगा नियंत्रण उपकरण (Riot Control) और क्विक रिएक्शन टीमें (QRT) पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं.

इन रास्तों से गुजरेगा जुलूस, अमन कमेटियों संग बैठक

शुक्रवार को मुख्य रूप से दो बड़े जुलूस निकलेंगे. पहला जुलूस जामा मस्जिद से शुरू होकर अजमेरी गेट की तरफ आएगा. वहीं दूसरा जुलूस पुल बंगश के पास बेरी वाले बाग से उठकर कुतुब रोड होते हुए पहाड़गंज पहुंचेगा. इसके बाद ये दोनों जुलूस एक साथ मिलकर जोर बाग स्थित करबला के लिए रवाना होंगे.

मुहर्रम का यह पर्व शांति और भाईचारे के साथ संपन्न हो, इसके लिए दिल्ली पुलिस ने पहले ही शाहदरा, पूर्वी और उत्तर-पश्चिम दिल्ली समेत कई इलाकों में ‘अमन समितियों’ और स्थानीय धार्मिक गुरुओं के साथ कई दौर की बैठकें की हैं. पुलिस ने साफ किया है कि हुड़दंग मचाने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों से बेहद सख्ती से निपटा जाएगा.

ये भी पढ़ें:क्या आपको भी आता है अनजान नंबर से कॉल का डर? Gen Z की इस अजीब आदत के पीछे है ये बड़ा दिमागी लोचा

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read