Imran Encounter Delhi -bharat express
Imran Encounter Delhi: दिल्ली के तिलक नगर थाना इलाके के ओल्ड महावीर नगर में मुस्कान की हत्या के आरोपी इमरान को पश्चिमी जिला स्पेशल स्टाफ और एटीएस की टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. राजौरी गार्डन स्थित सब-रजिस्ट्रार ऑफिस के पास गंदे नाले पर पुलिस और आरोपी के बीच फायरिंग हुई. दोनों तरफ से कुल 11 राउंड गोली चलने की बात सामने आई है. मुठभेड़ में आरोपी इमरान के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गुरु गोविंद सिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया.
पुलिस को देखते ही आरोपी ने की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, मुस्कान हत्याकांड के बाद आरोपी इमरान फरार चल रहा था. उसकी तलाश में पश्चिमी जिला पुलिस की करीब 15 टीमें अलग-अलग इलाकों में लगातार दबिश दे रही थीं. इसी दौरान स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर राजेश मौर्य और एटीएस इंस्पेक्टर मुकेश मीणा की टीम को सूचना मिली कि इमरान राजौरी गार्डन स्थित सब-रजिस्ट्रार ऑफिस के पास गंदे नाले की तरफ आने वाला है.
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं. करीब 11 राउंड फायरिंग के बाद इमरान के दोनों पैरों में गोली लगी और पुलिस ने उसे मौके से पकड़ लिया.
मौके से पिस्टल और 10 खोखे बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल बरामद की है. मौके से करीब 10 खाली खोखे भी मिलने की जानकारी सामने आई है. क्राइम टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर सड़क और नाले के आसपास जांच की और जरूरी सबूत जुटाए. घायल आरोपी को इलाज के लिए गुरु गोविंद सिंह अस्पताल भेजा गया.
घर में घुसकर मुस्कान की हुई थी हत्या
बता दें कि ओल्ड महावीर नगर में कल देर शाम मुस्कान की घर में घुसकर चाकू से बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. वारदात के बाद आरोपी इमरान मौके से फरार हो गया था. गंभीर हालत में मुस्कान को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की तस्वीर कैद हुई थी.
यह भी पढ़ें: मौत के बाद भी नहीं आया रहम! बाढ़ में बह गई महिला की लाश से बालियां नोच ले गए 2 लोग, 41 सेकंड के वीडियो ने झकझोरा
कई पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थीं
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पश्चिमी जिला पुलिस ने कई टीमें गठित की थीं. मुठभेड़ की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. इनमें पश्चिमी जिला डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी, ऑपरेशन सेल के एसीपी राजेश कुमार, स्पेशल स्टाफ इंस्पेक्टर राजेश मौर्य, एटीएस इंस्पेक्टर मुकेश मीणा और क्राइम ब्रांच के एसीपी राजकुमार समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे. डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी को गंदे नाले के पास देखा था. आरोपी ने पुलिस पर गोली चलाई, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई. मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

