Delhi NCR Weather Update: दिल्ली और एनसीआर के लोगों की सुबह आज कुछ अलग ही अंदाज में हुई. जहां बीते कई दिनों से उमस और गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा था, वहीं अब बादलों की मेहरबानी से फिजा में ठंडक घुल गई है. बुधवार रात से शुरू हुआ रिमझिम फुहारों का सिलसिला आज तड़के तक जारी रहा. कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली, जिससे मौसम तो सुहावना हो गया, लेकिन इसके साथ कुछ परेशानियां भी साथ आईं.
बारिश ने लोगों को गर्मी से तो राहत दी, लेकिन सड़कों पर जगह-जगह पानी भरने और ट्रैफिक जाम ने रोजमर्रा की जिंदगी को थोड़ा मुश्किल जरूर बना दिया. दफ्तर जाने वालों को जलभराव से बचते हुए निकलना पड़ा, वहीं कई जगह गाड़ियाँ घंटों जाम में फंसी रहीं. सोशल मीडिया पर भी लोग बारिश की खूबसूरती के साथ-साथ ट्रैफिक और गड्ढों की तस्वीरें साझा करते नज़र आए.
मौसम विभाग ने की भविष्यवाणी
मौसम विभाग (IMD) ने साफ किया है कि फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में बादलों की मेहरबानी जारी रहेगी. अगले पांच दिन तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी. आज यानी गुरुवार को भी आसमान में बादलों का डेरा बना रहेगा और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने का भी अनुमान है.
तापमान में गिरावट से मौसम हुआ सुहाना
बारिश की वजह से पारा कुछ नीचे आया है. दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री के आसपास रह सकता है. आने वाले दिनों में तापमान 34 से 35 डिग्री तक पहुंच सकता है, लेकिन बारिश की वजह से मौसम में नमी बनी रहेगी, जिससे उमस भी रह सकती है.
अन्य राज्यों में भी बारिश का कहर
दिल्ली ही नहीं, देश के कई राज्यों में मानसून का असर दिख रहा है. उत्तर प्रदेश के आगरा, झांसी, महोबा, हमीरपुर और जालौन जैसे इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, बरेली, अलीगढ़, उन्नाव, कन्नौज और चित्रकूट में भी मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है.
वहीं मध्य प्रदेश के भोपाल, रायसेन, विदिशा, सीहोर, गुना और शिवपुरी में अगले 24 घंटे के दौरान तेज बारिश की चेतावनी दी गई है. राजस्थान भी इस मौसम में पीछे नहीं है. अजमेर, जयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में झमाझम बारिश होने के आसार हैं.
ये भी पढ़ें- Nithari Serial Murder Case : मृतका के पिता ने Supreme Court के निर्णय पर जताया दुख
Follow Bharat Express on Instagram
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


