Bharat Express DD Free Dish

वैलेंटाइन डे पर दिल्ली-NCR बनेगा ‘वेडिंग हॉटस्पॉट’, 14 फरवरी को टूटने जा रहे हैं शादियों के सारे रिकॉर्ड!

दिल्ली-एनसीआर में इस बार वैलेंटाइन डे सिर्फ प्यार का दिन नहीं, बल्कि शादियों का सबसे बड़ा दिन साबित होने वाला है. बैंक्वेट हॉल से लेकर ब्यूटी पार्लर तक सब ‘हाउसफुल’ हैं और सड़कों पर भारी जाम की चेतावनी दी गई है.

Delhi-NCR Weddings, Valentine's Day 2026, Wedding Season

Valentine’s Day Wedding: वैलेंटाइन डे के दिन अक्सर लाल गुलाब और कैंडल लाइट डिनर की चर्चा होती है, लेकिन इसा साल दिल्ली-NCR में नजारा कुछ अलग ही होने वाला है. इस साल 14 फरवरी को सिर्फ प्यार का इजहार नहीं होगा, बल्कि हजारों जोड़े सात फेरे लेकर शादी के बंधन में बंधने वाले हैं.

इस दिन का शुभ मुहूर्त, वीकेंड की छुट्टी और वैलेंटाइन डे, तीनों चीजें एक साथ मिलकर इस दिन को और भी खास बना रहे हैं. अब आलम ये है कि दिल्ली में शादियों के पिछले सारे रिकॉर्ड टूटने की कगार पर हैं.

बैंक्वेट फुल, दो शिफ्टों में काम

राजधानी के बैंक्वेट हॉलों और फार्म हाउसों की हालत ऐसी है कि वहां तिल रखने की भी जगह नहीं बची है. दिल्ली कम्युनिटी वेल्फेयर बैंक्वेट एसोसिएशन की मानें तो आमतौर पर बड़े मुहूर्तों पर 25-30 हजार शादियां होती हैं, लेकिन इस 14 फरवरी को यह आंकड़ा कहीं आगे निकल सकता है. भारी डिमांड को देखते हुए कई जगहों पर तो दो शिफ्टों (सुबह और शाम) में शादियों का आयोजन किया जा रहा है. शादी कराने वाले पंडितों से लेकर कैटरिंग और डेकोरेशन वालों के पास सांस लेने तक की फुर्सत नहीं है.

मैनेजमेंट के लिए ‘अग्निपरीक्षा’ जैसा दिन

इतनी बड़ी संख्या में आयोजनों को संभालना किसी चुनौती से कम नहीं है. एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश डेंग के अनुसार, सबसे बड़ी समस्या पार्किंग और मेहमानों की भीड़ को मैनेज करने की है. यही वजह है कि ज्यादातर बैंक्वेट हॉलों ने करीब 20 प्रतिशत एक्स्ट्रा स्टाफ तैनात किया है. कर्मचारियों को ओवरटाइम पर रखा गया है ताकि ऐन वक्त पर कोई अव्यवस्था न हो.

बाजारों में रौनक, ब्यूटी पार्लर ‘हाउसफुल’

शादियों के इस महाकुंभ का सीधा असर दिल्ली के बाजारों पर दिख रहा है. फूलों और फलों की कीमतों में उछाल है, तो वहीं ब्यूटी इंडस्ट्री की चांदी हो गई है. अगर आप सोच रहे हैं कि 14 फरवरी को किसी पार्लर जाकर तैयार हो जाएंगे, तो भूल जाइए. ब्राइडल मेकअप की बुकिंग महीनों पहले फुल हो चुकी है और अब आम ग्राहकों के लिए स्लॉट मिलना लगभग नामुमकिन है.

ये भी पढ़ें- देश की टैक्स कमाई में बढ़ोतरी, डायरेक्ट कर 22.78 लाख करोड़ के पार; मोदी सरकार ने जारी किए आंकड़े

ज्योतिष और संयोग का खास मेल

आखिर 14 फरवरी को लेकर इतनी दीवानगी क्यों है? ज्योतिषाचार्य आशीष शास्त्री के मुताबिक, इस दिन ‘उत्तराषाढ़ा’ नक्षत्र है, जिसे किसी भी नए काम की शुरुआत और स्थिरता के लिए बेहद शुभ माना जाता है. साथ ही शनि प्रदोष व्रत का होना इसे और भी खास बना रहा है. यही वजह है कि कपल्स ने अपने जीवन की नई शुरुआत के लिए इस दिन को सबसे ऊपर रखा है.

सड़कों पर निकलें तो जरा संभलकर!

अगर आप 14 फरवरी की शाम दिल्ली की सड़कों पर निकलने का प्लान बना रहे हैं, तो जाम के लिए तैयार रहिए. रिंग रोड, विकास मार्ग, एनएच-8, महिपालपुर, मायापुरी और द्वारका जैसे इलाकों में भारी ट्रैफिक रहने की आशंका है. हजारों बारातों के एक साथ सड़क पर उतरने से पुलिस और प्रशासन के लिए भी यातायात संभालना एक बड़ा सिरदर्द साबित होने वाला है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read