Bharat Express DD Free Dish

दिल्ली के पहाड़गंज में होटल में महिला की हत्या, पति ने मथुरा से खुदकुशी की कबूलनामा कॉल की

Delhi Crime News: दिल्ली के पहाड़गंज स्थित न्यू विक्टोरिया होटल में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोपी ने मथुरा से 112 नंबर पर कॉल कर खुद हत्या की जानकारी दी.

Crime News

Delhi Crime News: राजधानी के पहाड़गंज थाना क्षेत्र स्थित न्यू विक्टोरिया होटल के एक कमरे में शुक्रवार देर रात एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, होटल मैनेजर प्रेम कुमार ने 21 जून को तड़के करीब 3 बजे पुलिस को सूचना दी कि होटल के एक कमरे में एक महिला मृत अवस्था में पड़ी है. यह सूचना उन्हें उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के हाईवे थाने से रात 2:45 बजे कॉल आने पर मिली थी, जिसमें होटल का एक कमरा चेक करने के लिए कहा गया था

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक गोपाल शर्मा (24), पुत्र कैलाश शर्मा, निवासी सराया अजमाबाद, आजमपुर, मथुरा (उत्तर प्रदेश) ने 20 जून को शाम 6:35 बजे होटल में किरन शर्मा (24), पुत्री धनपाल शर्मा, निवासी वार्ड नंबर 17, नई घास मंडी, रुद्रपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखंड के साथ पति-पत्नी के रूप में चेक-इन किया था. रात करीब 9 बजे आरोपी खाना लाने के बहाने होटल से अकेले निकला और फिर वापस नहीं लौटा.

पत्नी पर अवैध संबंधों का शक

रात को जब पुलिस होटल पहुंची तो कमरे में महिला का शव बेड पर पड़ा मिला. प्राथमिक जांच में पाया गया कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई थी. हैरान करने वाली बात यह रही कि आरोपी ने मथुरा पहुंचने के बाद खुद 112 नंबर पर कॉल कर यह कबूल किया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है.

इसके बाद मथुरा के हाईवे थाने की पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और सूचना दिल्ली पुलिस को दी. आरोपी को गिरफ्तार कर थाना पहाड़गंज लाया गया, जहां पूछताछ में उसने पत्नी पर अवैध संबंधों का शक होने के कारण हत्या करना स्वीकार किया.

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.

ये भी पढ़ें: International Yoga Day 2025 : ‘मैं से हम’ की ओर योग का वैश्विक संगम, रेतीले धोरों पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया योगाभ्यास

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read