दिल्ली की ड्रग्स क्वीन कुसुम
Delhi police action on drugs queen Kusum: दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में रहने वाली कुख्यात ड्रग तस्कर कुसुम की करीब 4 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है. पुलिस के मुताबिक, ये सारी संपत्तियां नशे के धंधे से कमाए गए अवैध पैसों से खरीदी गई थीं. कुसुम इस वक्त फरार है और मार्च में पुलिस ने उसके घर पर छापा मारा था, तब से वो लापता है. इसके काले धंधे की कमाई के कारण अब इसे दिल्ली की ड्रग्स क्वीन भी कहा जाने लगा है.
कुसुम की मिनी हवेली ड्रग कारोबार का अड्डा
दिल्ली की सुल्तानपुरी जैसे घनी आबादी वाले इलाके में, जहां ज्यादातर मजदूर वर्ग के लोग रहते हैं, कुसुम की ‘मिनी हवेली’ एकदम से अलग दिख रही थी. चार अलग-अलग घरों की भीतरी दीवारों को तोड़कर इस चार मंजिला मकान को एक बनाया गया था. पुलिस की जांच के मुताबिक, ये कोई सामान्य घर नहीं था, बल्कि एक सुनियोजित ड्रग कारोबार का अड्डा था, जहां बहुत ही चालाकी के साथ नशीले आइटम्स बेचे जाते थे.
ड्रग्स की डिलीवरी का तरीका
- रस्सी वाले टोकरे से डिलीवरी: नीचे गली में इंतजार कर रहे ड्रग पेडलर्स को रस्सी से बंधे टोकरों में डाल कर ड्रग्स नीचे उतारी जाती थी.
- छोटी खिड़कियों से डील: घर में जेल जैसी छोटी-छोटी खिड़कियां बनी हुई थीं, जिनका इस्तेमाल चुपचाप ड्रग्स के पैकेट सौंपने के लिए किया जाता था.
- छोटे बच्चे करते थे मुखबिरी: इलाके के नाबालिग बच्चे सड़क पर कुसुम की ‘आंखें’ थे. वे पुलिस की मौजूदगी के बारे में अंदर बैठे लोगों को तुरंत जानकारी दे देते थे.
- सीसीटीवी से निगरानी: पूरे इलाके की हर गली और आने-जाने के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से लाइव फुटेज अंदर बैठे लोगों को मिलती रहती थी.
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई और जब्त संपत्ति
दिल्ली पुलिस ने कुसुम की कुल 8 प्रॉपर्टी जब्त की हैं, जिनमें से 7 सुल्तानपुरी में और 1 रोहिणी सेक्टर 24 में है. कुसुम पर एनडीपीएस एक्ट के तहत अब तक 12 केस दर्ज हैं, जो अलग-अलग जिलों और क्राइम ब्रांच में चल रहे हैं. मार्च में पुलिस की एन्टी-नारकोटिक्स टीम ने जब कुसुम के घर पर रेड डाली थी, तब वहां से उसका बेटा अमित गिरफ्तार हुआ. मौके से 550 पैकेट हेरोइन, ट्रामाडोल की गोलियां, 14 लाख रुपये कैश और एक स्कॉर्पियो SUV भी बरामद हुई थी.
ये भी पढ़ें: गोविंदा रेस्टोरेंट में ‘चिकन कांड’: कौन है इस्कॉन मंदिर के भीतर मांस खाने वाला लड़का?
बेटियों के बैंक खातों में जमा रकम
पुलिस ने जब कुसुम की संपत्तियों जांच शुरू की, तो चौंकाने वाली बातें सामने आईं. पुलिस के अनुसार कुसुम की दो बेटियों ने पिछले डेढ़ साल में करीब 2 करोड़ रुपये बैंक खातों में जमा किए. यह रकम छोटे-छोटे ट्रांजैक्शनों के जरिए आई, ज्यादातर ₹2,000 से ₹5,000 के बीच की रकम, जो कई खातों में भेजी गई थी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


