Bharat Express DD Free Dish

दिल्लीवालों की मौज! पीएम मोदी देंगे देश की पहली ‘रिंग मेट्रो’ की सौगात; जानें क्या कुछ बदलेगा?

PM Modi Delhi Metro Inauguration: दिल्ली के सफर को सुगम और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में आज एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है. पीएम मोदी आज राजधानी को 33,500 करोड़ रुपये की सौगात देंगे, जिसमें दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन और फेज-5ए का शिलान्यास शामिल है.

PM Modi Delhi Metro Inauguration

PM Modi Delhi Metro Inauguration: पीएम मोदी आज दोपहर 12 बजे बुराड़ी रोड स्थित डीडीए ग्राउंड में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही दिल्ली मेट्रो के फेज-5ए के तहत तीन नए रूट्स की आधारशिला भी रखी जाएगी. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि ये प्रोजेक्ट्स दिल्ली को ‘विकसित राजधानी’ बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे.

आज से शुरू होंगे ये दो नए कॉरिडोर (Delhi Metro Inauguration)

आज के उद्घाटन के साथ दिल्ली मेट्रो के नेटवर्क में दो महत्वपूर्ण कड़ियां जुड़ जाएंगी.

पिंक लाइन का विस्तार (मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर) (Delhi Metro Magenta Line Extension)

इसकी लंबाई 12.3 किलोमीटर है. इस सेक्शन के जुड़ने के साथ ही दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन 71.56 किलोमीटर लंबी हो जाएगी, जिससे दिल्ली को देश की पहली पूरी तरह कार्यात्मक ‘रिंग मेट्रो’ मिल जाएगी. इसमें मजलिस पार्क, बुराड़ी, झरोदा माजरा, जगतपुर-वजीराबाद, सूरघाट, सोनिया विहार, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार और मौजपुर-बाबरपुर आपस में जुड़ जाएंगे.

मैजेंटा लाइन का विस्तार (दीपाली चौक से मजलिस पार्क) (Delhi Metro Pink Line Extension

इसकी लंबाई 9.92 किलोमीटर है. इस विस्तार के बाद दीपाली चौक, मधुबन चौक उत्तर, पीतमपुर-प्रशांत विहार, हैदरपुर गांव, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क आपस में जुड़ जाएंगे.

फेज 5-A: भविष्य की दिल्ली की तैयारी (Delhi Metro Phase 5A)

पीएम आज तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास भी करेंगे जो आने वाले समय में दिल्ली के हृदय स्थल और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को पूरी तरह बदल देंगे.

  • सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर (आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ): यह 9.91 किलोमीटर लंबा पूरी तरह भूमिगत रूट होगा. यह भारत मंडपम, कर्तव्य भवन और युगे-युगीन भारत म्यूजियम जैसी महत्वपूर्ण जगहों को मेट्रो से जोड़ेगा. इसमें 9 नए स्टेशन होंगे.
  • गोल्डन लाइन एक्सटेंशन-1 (एरोसिटी से IGI एयरपोर्ट टर्मिनल-1): 2.26 किलोमीटर का यह अंडरग्राउंड रूट सीधे एयरपोर्ट टर्मिनल तक पहुंच आसान बनाएगा.
  • गोल्डन लाइन एक्सटेंशन-2 (तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज): 3.9 किलोमीटर का यह एलिवेटेड रूट फरीदाबाद और नोएडा के यात्रियों के लिए वरदान साबित होगा.

ये भी पढ़ें: ग्वालियर में इंसानियत शर्मसार! मेले से अगवा कर कॉलेज परिसर में युवती से सामूहिक दुष्कर्म, 3 आरोपी गिरफ्तार

NCR के शहरों को होगा बड़ा फायदा

नोएडा के यात्री मैजेंटा लाइन से कालिंदी कुंज पहुंचकर सीधे गोल्डन लाइन के जरिए एयरपोर्ट और दक्षिण दिल्ली जा सकेंगे. वायलेट लाइन से तुगलकाबाद पहुंचने वाले यात्री अब सीधे एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक की मेट्रो कनेक्टिविटी पा सकेंगे. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इन प्रोजेक्ट्स से न केवल सफर आसान होगा, बल्कि सड़कों पर गाड़ियों की संख्या कम होने से दिल्ली के प्रदूषण स्तर को नियंत्रित करने में भी बड़ी मदद मिलेगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read