Delhi Seemapuri Murder Case: राजधानी दिल्ली के सीमापुरी इलाके से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां एक बेटे ने गुस्से में आकर अपनी ही मां की जान ले ली. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया.
बेटे-बहू के बीच हुआ झगड़ा
पुलिस के अनुसार यह घटना 11 मार्च की रात करीब 10:30 बजे की है. न्यू सीमापुरी इलाके में रहने वाला शेर अली अपनी पत्नी संजीदा के साथ घर में झगड़ा कर रहा था. दोनों के बीच गाली-गलौज और बहस इतनी बढ़ गई कि घर में जोर-जोर से शोर होने लगा. यह शोर सुनकर शेर अली की 60 वर्षीय मां हमीदुन निशा कमरे में पहुंचीं. वह अपने बेटे और बहू के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने की कोशिश कर रही थीं.
शरबी बेटे ने ली मां की जान
बताया जा रहा है कि उस समय शेर अली शराब के नशे में था और काफी गुस्से में भी था. जब उसकी मां ने उसे समझाने की कोशिश की तो वह और भड़क गया. गुस्से में उसने अपनी मां के साथ ही मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान उसने अपनी मां को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गईं और उन्हें गंभीर चोट लग गई.
घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोग और पीसीआर वैन की मदद से घायल बुजुर्ग महिला को तुरंत गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल ले जाया गया. लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
इस मामले में मृतक महिला की बेटी शबनम ने पुलिस को बयान दिया, जिसके आधार पर सीमापुरी थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
ये भी पढ़ें: फ्लाइट टिकट के लिए ढीली करनी होगी जेब! एयर इंडिया के बाद अब IndiGo ने भी बढ़ाया किराया, जानें किस रूट पर कितना बढ़ा दाम
पुलिस ने बेटे को किया गिरफ्तार
डीसीपी शाहदरा राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए सीमापुरी थाने के एसएचओ और एसीपी की निगरानी में एक विशेष टीम बनाई गई. पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी शेर अली अभी भी इलाके में ही छिपा हुआ है. इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की. जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे घेरकर पकड़ लिया.
पूछताछ में सामने आया कि शेर अली शराब का आदी है और अक्सर नशे की हालत में अपने परिवार के लोगों से झगड़ा और मारपीट करता था. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

