IndiGo flight price hike: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब हवाई सफर पर भी दिखाई देने लगा है. पहले एयर इंडिया ने टिकटों पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का फैसला किया था और अब देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने भी अपने किराए में बढ़ोतरी की घोषणा कर दी है. इसका मतलब है कि आने वाले दिनों में फ्लाइट से यात्रा करना पहले की तुलना में महंगा हो जाएगा.
इस दिन से बढ़ेगी कीमतें
इंडिगो ने बताया है कि नया फ्यूल चार्ज 14 मार्च 2026 की रात 12 बजकर 1 मिनट से लागू होगा. इस समय के बाद जो भी नई फ्लाइट टिकट बुक की जाएंगी, उन पर यह अतिरिक्त चार्ज देना होगा. कंपनी का कहना है कि जेट फ्यूल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जो एयरलाइंस के नियंत्रण से बाहर है. इसी कारण उन्हें टिकट के दाम बढ़ाने का फैसला करना पड़ा है.
एयरलाइंस ने क्या कहा?
एयरलाइंस के खर्च में विमानन ईंधन यानी ATF का हिस्सा बहुत बड़ा होता है. जब ईंधन की कीमतें तेजी से बढ़ती हैं, तो एयरलाइंस के लिए अपने खर्च को संभालना मुश्किल हो जाता है. इंडिगो का कहना है कि बढ़ती लागत का असर उनके पूरे नेटवर्क और बजट पर पड़ रहा है. ऐसे में इस अतिरिक्त खर्च को पूरा करने के लिए यात्रियों से फ्यूल सरचार्ज लिया जाएगा.
कितना लगेगा एक्स्ट्रा चार्ज
इंडिगो ने अलग-अलग रूट्स के हिसाब से सरचार्ज तय किया है. भारत के अंदर की उड़ानों और भारतीय उपमहाद्वीप के लिए 425 रुपये का अतिरिक्त चार्ज लिया जाएगा. मिडिल ईस्ट जाने वाली उड़ानों पर 900 रुपये का सरचार्ज लगेगा. वहीं दक्षिण-पूर्व एशिया और चीन की उड़ानों के लिए यात्रियों को 1800 रुपये ज्यादा देने होंगे. अफ्रीका और वेस्ट एशिया के लिए भी 1800 रुपये का चार्ज तय किया गया है. यूरोप जाने वाली फ्लाइट्स पर सबसे ज्यादा 2300 रुपये का फ्यूल सरचार्ज लगाया जाएगा.
ये भी पढ़ें: सिलेंडर वाली गैस या पाइप वाली? समझें LPG, CNG, PNG और LNG का क्या है फर्क
इंडिगो से पहले एयर इंडिया ग्रुप ने भी इसी तरह का फैसला लिया था. एयर इंडिया ने घरेलू और SAARC देशों की उड़ानों पर 399 रुपये का फ्लैट फ्यूल सरचार्ज लागू किया है. वहीं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए यह चार्ज 200 डॉलर तक हो सकता है. एयर इंडिया ने इसे तीन चरणों में लागू करने की योजना बनाई है और इसका पहला चरण 12 मार्च 2026 की रात 1 बजे से शुरू हो चुका है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


