Devrishi Narad Patrakar Samman 2026
Devrishi Narad Patrakar Samman 2026: इन्द्रप्रस्थ विश्व संवाद केंद्र द्वारा मंगलवार (16 जून) को दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब के स्पीकर हॉल में ‘देवऋषि नारद पत्रकार सम्मान 2026’ का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया. सम्मानित प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, स्मृति चिन्ह, शाल और 11 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया.
हस्तियों का लगा तांता
कार्यक्रम में एनडीटीवी के सीईओ एवं एडिटर-इन-चीफ राहुल कंवल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर मुख्य वक्ता रहे. इसके अलावा आरएसएस के अखिल भारतीय सह-प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर, दिल्ली प्रांत प्रचारक विशाल और दिल्ली प्रांत सह कार्यवाह राजेश कुमार भी उपस्थित रहे.
AI की भूमिका पर क्या कहा?
अपने संबोधन में राहुल कंवल ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के दौर में पत्रकारिता की भूमिका को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. उन्होंने कहा कि एआई समाचार लिख सकता है, लेकिन लोगों से मिलकर उनकी बात सुनना, परिस्थितियों को समझना और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद स्थापित करना केवल पत्रकार ही कर सकता है. उन्होंने देवऋषि नारद को संवाद और पत्रकारिता का आदर्श उदाहरण बताया.
वहीं, सुनील आंबेकर ने कहा कि पत्रकारों का दायित्व समाज की वास्तविक तस्वीर सामने लाना है ताकि एक बेहतर समाज का निर्माण हो सके. उन्होंने कहा कि पत्रकारों को राजनीतिक खबरों का संकलन करते समय स्वयं राजनीति का हिस्सा नहीं बनना चाहिए. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि समाज की हर समस्या को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए.
ये भी पढ़ें: बालासाहब देवरस की पुण्यतिथि पर अमित शाह ने उन्हें किया नमन, बोले- ‘आपातकाल में लोकतंत्र की रक्षा करने वाले नायक’
उन्होंने आगे कहा कि भारत आज विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है और नई तकनीकों का उपयोग मानवता के हित में किया जाना चाहिए. आंबेकर ने एआई जैसी तकनीकों को ज्ञान की परंपरा को समृद्ध करने का माध्यम बताते हुए कहा कि कोई भी तकनीक मनुष्य का स्थान नहीं ले सकती. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, संपादक, मीडिया कर्मी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स मौजूद रहे. इन्द्रप्रस्थ विश्व संवाद केंद्र के अध्यक्ष अशोक सचदेवा ने धन्यवाद ज्ञापन किया.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





