Dinesh Sharma Pune
Dinesh Sharma Pune: राज्य सभा सांसद और पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि देश में क्षेत्रीय भाषाओं की उपेक्षा करना उचित नहीं है. वर्तमान केंद्र सरकार क्षेत्रीय भाषाओं के विकास पर ज़ोर दे रही है. हिंदी और क्षेत्रीय भाषाएं सगी बहनों की तरह हैं. उनका कहना था कि विकसित भारत के लक्ष्य को स्वदेशी के साथ पूरा करना है.
पूर्व डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि, केंद्र की राजभाषा संसदीय समिति का कार्य हिंदी के प्रसार का है और भाजपा सरकार के आने के बाद से हिंदी का केंद्र के मंत्रालयों में प्रयोग 35 प्रतिशत से बढ़कर 65 प्रतिशत हो गया है.
पुणे महाराष्ट्र में देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान पुणे इंस्टिट्यूट ऑफ़ बिज़नेस मैनेजमेंट द्वारा आयोजित छात्र शिक्षक संवाद कार्यक्रम में सांसद ने कहा कि आज भारत की 65 प्रतिशत आबादी युवा है जो भारत को आगे बढ़ाने की क्षमता रखती है. ये दुनिया के तमाम विकसित देशों की तुलना में बहुत अधिक है. भारत में आज प्रजनन दर कम हुई है. ये परिस्थिति देश को युवा देश से वृद्ध देश में बदल सकती है.

देश को स्किल्ड युवाओं की जरूरत
उन्होंने आगे कहा कि विकसित देश के संकल्प को साकार करने के लिए देश को स्किल्ड युवाओं की जरूरत है. आज के युवाओं की प्रोफेशन को चुनने की रुचि बदली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ये व्यवस्था की है कि आज का युवा कौशलयुक्त हो. देश में कौशलयुक्त युवाओं की संख्या बढ़ जाए.
दिनेश शर्मा ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है. वहां पर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आये परिवर्तन के कारण युवाओं को तत्काल रोजगार मिल रहा है. इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में जहां पहले मुंबई और गुजरात का नाम लिया जाता था. वहीं आज उत्तर प्रदेश का नाम बेहतरीन सड़कों के लिए लिया जाता है. आज प्रदेश में कनेक्टिविटी और कानून व्यवस्था बेहतर हुई है.

मेधा मामले में हिंदुस्तानी छात्र सबसे आगे
अपने अमेरिका दौरे के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वहां पर मेधा के मामले में हिंदुस्तानी छात्र सबसे आगे हैं. भारतीय छात्र हर सवाल का जवाब देने में सक्षम हैं. ये प्रतिभा देश में ही रहनी चाहिए और इसका पलायन नहीं होना चाहिए. उनका कहना था कि अच्छा शिक्षक वही होता है जिसने सीखने की इच्छा होती है.
प्रधानमंत्री द्वारा सोना काम खरीदने और अनावश्यक विदेश यात्रा में कटौती करने की जो अपील की गई है. उसके पक्ष में उन्होंने चर्चा करते हुए कहा कि संपूर्ण विश्व की स्थिति युद्ध के कारण कहीं रूस और यूक्रेन का तो कहीं अरब देशों अमेरिका और ईरान का युद्ध चिंताजनक परिस्थितियों उत्पन्न कर रहा है.

देश में आर्थिक संतुलन बनाए रखना जरूरी
पूर्व उपमुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि आम लोगों की जरूरतों को पूरा करने के लिए देश में आर्थिक संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई सामान्य रूप से जारी रखते हुए अगर लोग जिम्मेदारी के साथ खर्च और संसाधनों का इस्तेमाल करें, तो देश की विदेशी मुद्रा को सुरक्षित रखा जा सकता है.
उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात भारत की वजह से नहीं बने हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सप्लाई चेन प्रभावित होने का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है. ऐसे में जरूरी है कि भारत खुद को इन चुनौतियों से जितना संभव हो, उतना सुरक्षित रखे. उन्होंने यह भी कहा कि भारत की मजबूत होती अर्थव्यवस्था और विदेश नीति से आज पूरी दुनिया प्रभावित है.
ये भी पढ़ें- ‘ऑपरेशन लुटेरे स्कूल’ में खुलेगी प्राइवेट स्कूलों की पोल, 13 मई को भारत एक्सप्रेस पर जरूर देखिए यह शो
बाद में डॉ. दिनेश शर्मा ने देश के अलग-अलग हिस्सों से आए शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को भी संबोधित किया. इस कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के प्रबंध निदेशक रमनप्रीत सिंह ने की.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

