Bharat Express DD Free Dish

भारत दौरे पर आ रहे हैं दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान, पीएम मोदी करेंगे स्वागत

दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम भारत की दो दिवसीय यात्रा पर मंगलवार को पहुंचेंगे. प्रधानमंत्री मोदी के आमंत्रण पर हो रही यह पहली आधिकारिक यात्रा.

Crown Prince of Dubai to begin India visit on Tuesday

Dubai Crown Prince India visit: दुबई के क्राउन प्रिंस, उप प्रधानमंत्री और यूएई के रक्षा मंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद अल मक्तूम मंगलवार से भारत के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर आ रहे हैं. यह दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष निमंत्रण पर हो रहा है. यह उनकी पहली आधिकारिक भारत यात्रा होगी.

क्राउन प्रिंस के साथ यूएई सरकार के वरिष्ठ मंत्री, अधिकारी और एक उच्चस्तरीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी भारत आ रहा है. इस दौरे को दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी और आपसी सहयोग को और गहरा करने के रूप में देखा जा रहा है.

मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी शेख हमदान के सम्मान में एक वर्किंग लंच का आयोजन करेंगे. इसके अलावा, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी उनकी मुलाकातें निर्धारित हैं. इन बैठकों में व्यापार, रक्षा और द्विपक्षीय संबंधों को लेकर चर्चा होगी.

मुंबई में व्यापारिक बैठक में लेंगे हिस्सा

दिल्ली प्रवास के बाद क्राउन प्रिंस मुंबई का दौरा करेंगे, जहां वे भारत और यूएई के शीर्ष व्यापारिक नेताओं के साथ एक बिजनेस राउंडटेबल में भाग लेंगे. इस बैठक का उद्देश्य पारंपरिक क्षेत्रों के साथ-साथ भविष्य की संभावनाओं में भी आर्थिक सहयोग को प्रोत्साहित करना है.

विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, “दुबई भारत के साथ वाणिज्य, संस्कृति और लोगों के आपसी संबंधों का एक अहम केंद्र रहा है. यूएई में बसे लगभग 43 लाख भारतीयों में से अधिकांश दुबई में रहते हैं और काम करते हैं.” मंत्रालय ने उम्मीद जताई कि इस दौरे से भारत-यूएई के व्यापक रणनीतिक संबंधों को नई मजबूती मिलेगी.

जनवरी में दिया गया था दौरे का निमंत्रण

इस दौरे का निमंत्रण विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने जनवरी 2024 में अपनी यूएई यात्रा के दौरान शेख हमदान को दिया था. उस मुलाकात के बाद जयशंकर ने सोशल मीडिया पर लिखा था, “दुबई के क्राउन प्रिंस से मुलाकात सौहार्दपूर्ण रही. हमारी बातचीत गहरी दोस्ती और आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने पर केंद्रित रही.”

यह दौरा न सिर्फ राजनीतिक बल्कि आर्थिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टिकोण से भी अहम माना जा रहा है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भारत और यूएई के बीच द्विपक्षीय रिश्तों में यह यात्रा क्या नई दिशा और गति ला पाती है.


ये भी पढ़ें- पेट्रोल-डीजल की खुदरा कीमतों में नहीं हुई कोई वृद्धि, सरकार ने जारी किया स्पष्टीकरण


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read