Bharat Express DD Free Dish

Fatehpur News: महिला ने दो बेटों के साथ मिलकर पति की कराई हत्या, गिरफ्तार होने पर बताई पूरी सच्चाई

UP News: पिता के प्रापर्टी बेचने पर मां के कहने से दोनों बेटे सूरत से आए और फिर साजिश रचकर 13 फरवरी की रात खेत में बने नलकूप के पास सो रहे पिता की हत्या कर दी.

फोटो-सोशल मीडिया

Dipesh Thakur Edited by Dipesh Thakur

Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर (Fatehpur) में प्रॉपर्टी के लालच में महिला ने अपने दो बेटे के साथ मिलकर अपने पति की हत्या करवा दी है. फिलहाल पुलिस ने मिले तमाम सबूत के आधार पर महिला के साथ ही उसके दोनों बेटों को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में जानकारी सामने आई है कि, पति और पत्नी के बीच सालों से अनबन थी. करीब 12 साल पहले महिला अपने दोनों बेटों के साथ अलग हो गई थी. बताया जा रहा है कि 6 महीने पहले महिला के पति ने गांव के मकान को बिना बताए बेच दिया था. इसी के बाद महिला ने अपने दोनों बेटों के साथ पति की हत्या की साजिश रची थी.

मीडिया सूत्रों के मुताबिक, महिला ने सूरत में रह रहे दोनों बेटों को बुलाकर गांव में नलकूप के पास सो रहे अपने पति की हत्या करवा दी थी. मामला फतेहपुर के जहानाबाद थाना क्षेत्र के रोशनपुर गांव से सामने आया है. यहां के खेत पर बनी झोपड़ी में दो दिन पहले 43 साल के हरिश्चंद्र का शव मिलने के बाद हड़कम्प मच गया था. पुलिस को जानकारी दी गई.

इसके बाद पुलिस ने मृतक के छोटे भाई की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी. इस घटना में पुलिस ने जब जांच-पड़ताल की तो मृतक हरिश्चंद्र और उसकी पत्नी निर्मला देवी के बीच 12 वर्ष पहले का आपसी विवाद सामने आया.

हरिश्चंद्र की पत्नी निर्मला अपने दोनों बेटों राजकुमार व शिवकुमार के साथ अलग रहती थी. तो दूसरी ओर हरिश्चंद्र गांव के मकान में अकेला रहता था. जानकारी मिलने के बाद पुलिस को संदेह हुआ. इसके बाद मृतक हरिश्चंद्र की पत्नी व उसके दोनों बेटों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई तो बेटों ने पूरी हकीकत बयां कर दी.

ये भी पढ़ें-UP Police Recruitment Exam: यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा शुरू…चप्पे-चप्पे पर CCTV की नजर, केंद्रों पर लगे जैमर

आरोपियों ने बताई हत्या की वजह

गिरफ्तार होने के बाद आरोपियों ने पुलिस को हत्या की पूरी कहानी बताई है. मृतक हरिश्चंद्र के बेटों ने बताया कि, मां के अलग होने के बाद गांव में बने मकान में पिता अकेले रह रहे थे. 6 महीने पहले पिता ने गांव में ही कैलाश नाम के व्यक्ति को 1 लाख 40 हजार में मकान बेच दिया था.

इसकी जानकारी उसकी मां ने दी थी और कहा था कि, तुम लोग बाहर रहो, यहां सारी प्रॉपर्टी तुम्हारे पिता बेच डालेंगे. आरोपी बेटों ने बताया कि, मां के कहने के बाद हम लोग सूरत से आकर मां के साथ मिलकर पिता को रास्ते से हटाने की साजिश रची. इसके बाद 13 फरवरी की रात खेत में बने नलकूप के पास सो रहे पिता की हत्या कर दी थी.

पुलिस छानबीन में सामने आई सच्चाई

पूरे प्रकरण को लेकर एसपी उदय शंकर सिंह ने मीडिया को बताया कि, 14 फरवरी को थाना जहानाबाद में सूचना दी गई कि ग्राम रोशनपुर क्षेत्र अंतर्गत हरिश्चंद्र नाम के व्यक्ति की खेत पर हत्या कर दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गहराई से छानबीन की.

इस दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक के दो बेटे गुजरात में रहते हैं, वे गुजरात से घटनास्थल तक आए और उन्होंने ही घटना को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस ने मृतक की पत्नी के साथ ही दोनों बेटों को भी गिरफ्तार कर लिया है. घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल भी बरामद कर लिया गया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read