Bomb Threat: दिल्ली में एक बार फिर स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. सोमवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) द्वारका में धमकी भरी कॉल आई. इसके बाद पूरे स्कूल परिसर को तुरंत खाली कराया गया. सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है.
मौके पर पहुंची पुलिस और बम स्क्वॉड
बम की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम स्क्वॉड और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. दिल्ली अग्निशमन सेवा ने इसकी पुष्टि की है. फिलहाल जांच जारी है.
दिल्ली के 2 स्कूलों और एक कॉलेज को मिली धमकी
द्वारका में 2 स्कूल और एक कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. श्रीराम वर्ल्ड स्कूल में भी बम होने की धमकी मिली है. ई-मेल करके स्कूल-कॉलेजों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच कर रही है. अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह 7 बजकर 24 मिनट पर फायर डिपार्टमेंट को जानकारी मिली. सूत्रों के मुताबिक, अब तक की जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है.
दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) द्वारका को आज बम की धमकी वाला कॉल आया। एहतियात के तौर पर अधिकारियों ने स्कूल परिसर खाली करा दिया है। तलाशी के लिए पुलिस और बम निरोधक दस्तों को मौके पर बुलाया गया है: दिल्ली अग्निशमन सेवा
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 18, 2025
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
यह कोई पहला मामला नहीं है. बीते जुलाई में दिल्ली के 20 से ज्यादा स्कूलों को ईमेल के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे. उस दौरान पश्चिम विहार स्थित रिचमंड ग्लोबल स्कूल समेत कई संस्थानों में हड़कंप मच गया था. पुलिस और दमकल विभाग ने तत्काल कार्रवाई की थी, लेकिन सभी धमकियां झूठी निकलीं.
कॉलेज भी बने निशाना
केवल स्कूल ही नहीं, दिल्ली विश्वविद्यालय के कई प्रमुख कॉलेजों को भी ऐसे ईमेल मिल चुके हैं. आईपी कॉलेज फॉर विमेन, हिंदू कॉलेज और श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स को बम की धमकी दी गई थी. जांच के बाद ये धमकियां भी फर्जी साबित हुईं.
तीन दिन में 10 से ज्यादा संस्थान निशाने पर
दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी थी कि 18 जुलाई को द्वारका का सेंट थॉमस स्कूल, वसंत कुंज का वसंत वैली स्कूल, हौज खास का मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, पश्चिम विहार का रिचमंड ग्लोबल स्कूल और लोदी एस्टेट का सरदार पटेल विद्यालय समेत कई संस्थानों को धमकी मिली थी. महज तीन दिनों में करीब 10 स्कूलों और एक कॉलेज को ऐसे संदेश भेजे गए थे.
Also Follow Bharat Express on Instagram
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



